तिलैया डैम में हादसा: दोस्तों संग घूमने आया इंजीनियर गहरे पानी में डूबा,मौत

 

कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा जिले के तिलैया डैम में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में बिहार के बोधगया निवासी इंजीनियर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 32 वर्षीय अविनाश शर्मा के रूप में हुई है। वह अपने दोस्तों के साथ तिलैया डैम घूमने आया था, लेकिन यह सैर उसके लिए आखिरी साबित हुई।

जानकारी के अनुसार, अविनाश शर्मा अपने छह दोस्तों के साथ बोधगया से तिलैया डैम पहुंचे थे। घूमने के दौरान वह अपने दो दोस्तों के साथ सलोनी के समीप बराकर नदी स्थित डैम क्षेत्र में नहाने लगे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चले गए। देखते ही देखते वह पानी में डूबने लगे।

साथ में मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मिलते ही तिलैया डैम ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की गई। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद अविनाश का शव पानी से बाहर निकाला गया।

हादसे की खबर मिलते ही मृतक के दोस्तों और परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर मौजूद लोग भी इस घटना से स्तब्ध नजर आए। बताया जाता है कि अविनाश शर्मा पेशे से इंजीनियर थे और अपने दोस्तों के साथ छुट्टी का आनंद लेने तिलैया डैम पहुंचे थे।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

error: Content is protected !!