Ranchi:व्हाट्सएप पर मांगी 50 लाख की रंगदारी, रकम लेने पहुंचे दो उग्रवादी चढ़े पुलिस के हत्थे..
राँची।राँची पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (PLFI) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 लाख रुपये की लेवी वसूलने पहुंचे संगठन के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से उग्रवादी संगठन के पर्चे, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।मामला जिले के नगड़ी थाना क्षेत्र के साहेर गांव निवासी बजरंग महतो से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने से जुड़ा है। पीएलएफआई के नाम पर व्हाट्सएप के जरिए धमकी देकर लेवी मांगी गई थी, जिसके बाद नगड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर तुपुदाना क्षेत्र के दसमाइल चौक स्थित सफायर स्कूल के पास जाल बिछाया। सूचना थी कि लेवी की रकम लेने के लिए उग्रवादी संगठन के सदस्य वहां पहुंचने वाले हैं।
पुलिस के अनुसार, लाल रंग की अपाची मोटरसाइकिल से पहुंचे दो युवकों को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। पूछताछ में दोनों ने लेवी की रकम लेने आने की बात स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण लोहरा (19 वर्ष) और सूरज लोहरा (18 वर्ष) के रूप में हुई है, जो खूंटी जिले के बेलवादाग गांव के निवासी हैं।
तलाशी के दौरान अरुण लोहरा के पास से पीएलएफआई का दो पर्चा बरामद हुआ, जिस पर संगठन से जुड़े संदेश और राजेश यादव का नाम अंकित था। पुलिस ने मौके से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, दो उग्रवादी पर्चे और अपाची मोटरसाइकिल भी जब्त की है।पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार दोनों युवक संगठन के लिए लेवी वसूली का काम कर रहे थे। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

