रिश्ते का कत्ल: प्रेम-प्रसंग की चर्चा से भड़की महिला रिश्तेदार, युवती का अपहरण कर कराया गैंगरेप, फिर बेरहमी से हत्या..तीन गिरफ्तार
देवघर।झारखण्ड के देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के रढ़िया गांव स्थित नदी से बरामद अर्धनग्न युवती के शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग की चर्चा को लेकर नाराजगी में महिला रिश्तेदार ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर साजिश रची थी। इसके बाद युवती को बहलाकर नदी किनारे ले जाया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म कर हत्या कर दी गयी।बाद में शव को पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया गया और फिर बालू में दबाकर छिपाने का प्रयास किया गया। इस मामले की जानकारी एसडीपीओ सदर कुलदीप कुमार ने प्रेस वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि 19 मई 2026 को रिखिया थाना अंतर्गत ग्राम रढ़िया स्थित रढ़िया नदी में बालू से ढका हुआ एक अर्धनग्न महिला का शव बरामद हुआ था।मामले में रिखिया थाना कांड संख्या 66/26 बीएनएस की धारा 103(1), 238 एवं 3(5) के तहत अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी थी।एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने फॉरेनसिक, तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ायी।
जांच में पता चला कि मृतका के एक महिला रिश्तेदार का गांव के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग था। मृतका इस संबंध की चर्चा अन्य लोगों के सामने कर देती थी, जिससे महिला रिश्तेदार नाराज रहती थी।इसी कारण उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर युवती की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार 16 मई की संध्या महिला रिश्तेदार युवती को बहलाकर नदी की ओर ले गयी थी।वहां पहले से मौजूद श्रवण राउत ने युवती के साथ दुष्कर्म किया और बाद में तीनों आरोपियों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।हत्या के बाद शव को नदी के बीच पानी भरे गड्ढे में फेंक दिया गया था। अगले दिन शव पानी से ऊपर आ गया तो 18 मई की रात आरोपियों ने शव को बालू में दबाकर छिपाने का प्रयास किया।पुलिस ने इस मामले में श्रवण राउत, राहुल कुमार एवं रावडी देवी को गिरफ्तार किया।आरोपियों की निशानदेही पर शव को बालू में दबाने में प्रयुक्त कुदाल भी नदी किनारे झाड़ी से बरामद कर लिया गया है।
छापेमारी दल में एसडीपीओ सदर कुलदीप कुमार, रिखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार, एसआई अनिल कुमार, मो शकील अहमद, नगर थाना के एसआई सूरज कुमार, रिखिया थाना रिजर्व गार्ड एवं तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे।

