पाकुड़:रेलवे साइडिंग में हाईटेंशन तार की चपेट में आया डंपर, जलकर खाक

 

पाकुड़।झारखण्ड में पाकुड़ जिले के मालपहाड़ी स्थित रेलवे साइडिंग पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया।चिप्स अनलोडिंग के दौरान एक निजी कंपनी का डंपर रेलवे के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे वाहन में अचानक आग लग गयी।

 

जानकारी के अनुसार, रोज की तरह रेलवे रैक पर चिप्स लोडिंग का कार्य चल रहा था।इसी क्रम में क्रशर से चिप्स लेकर पहुंचा डंपर रैक के समीप अनलोड कर रहा था। तभी डंपर का पिछला हिस्सा ऊपर से गुजर रहे विद्युत तार से संपर्क में आ गया और देखते ही देखते उसमें आग लग गयी।

आग की लपटें उठते ही मौके पर अफरातफरी मच गयी।स्थानीय लोगों के शोर मचाने पर चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए डंपर से कूदकर अपनी जान बचायी। हालांकि, कुछ ही देर में डंपर पूरी तरह जलकर खाक हो गया।स्थानीय लोगों ने पास की खदान में मौजूद वाटर टैंकर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही मालपहाड़ी ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

error: Content is protected !!