लातेहार पुलिस को मिली बड़ी सफलता: 5 लाख का इनामी सब-जोनल कमांडर समेत दो नक्सली गिरफ्तार
लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले की पुलिस को उग्रवादी संगठन झारखण्ड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने 5 लाख रुपये के इनामी सक्रिय सब-जोनल कमांडर शिव नारायण सिंह उर्फ शिवा को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर संगठन के एरिया कमांडर सुकुलदेव उरांव को भी दबोच लिया गया। दोनों की गिरफ्तारी से कुल 26 आपराधिक मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि जेजेएमपी का सब-जोनल कमांडर शिव नारायण सिंह अपने दस्ते के साथ लातेहार थाना क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। 22 मई की सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली कि शिव नारायण सिंह धनकारा मोड़ की ओर जा रहा है। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर लातेहार थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस ने धनकारा मोड़ के पास घेराबंदी कर शिव नारायण सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूछताछ में शिव नारायण सिंह ने कई उग्रवादी और आपराधिक घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। साथ ही संगठन के अन्य सदस्यों की जानकारी भी दी।उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लातेहार थाना क्षेत्र के सेमरियाटांड़ (तुपुखुर्द) में छापेमारी कर जेजेएमपी के एरिया कमांडर सुकुलदेव उरांव को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, शिव नारायण सिंह उर्फ शिव सिंह उर्फ शिव जी उर्फ शिवा उर्फ कैला (उम्र करीब 27 वर्ष) के खिलाफ लातेहार, चतरा और राँची जिलों में हत्या, लेवी व उग्रवादी हिंसा से जुड़े कुल 24 मामले दर्ज हैं।वहीं एरिया कमांडर सुकुलदेव उरांव के खिलाफ लातेहार जिले के विभिन्न थानों में दो मामले दर्ज हैं।पुलिस दोनों गिरफ्तार उग्रवादियों से पूछताछ कर संगठन के अन्य सदस्यों और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।

