फैजल खान उर्फ खान सर पर गिरफ्तारी की तलवार! फायरिंग केस में छापेमारी शुरू, कभी भी हो सकती है गिरफ्तारी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज, पुलिस की दबिश तेज…

 

पटना।चर्चित शिक्षक और खान ग्लोबल स्टडीज के संचालक फैजल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। फायरिंग करवाने, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज होने के बाद अब उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी शुरू कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और खान सर की गिरफ्तारी कभी भी हो सकती है।

मंगलवार रात कोचिंग संस्थान पर हुए हमले और उसके बाद हुई फायरिंग के मामले में पहले दो गार्डों को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में मिले बयान के आधार पर शुक्रवार को खान सर को भी आरोपी बनाया गया। एफआईआर में आरोप है कि उनकी मौजूदगी में गार्डों ने फायरिंग की और कथित तौर पर फायरिंग का निर्देश भी उन्होंने ही दिया था।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार गार्डों ने बयान दिया है कि हमले के दौरान खान सर ने कथित रूप से कहा था, “देख क्या रहे हो, भीड़ पर अविलंब फायर करो, जो होगा मैं समझ लूंगा।” इसी बयान को आधार बनाकर पुलिस ने हत्या के प्रयास जैसी गैर-जमानती धाराएं जोड़ी हैं।

कानूनी जानकारों का मानना है कि गैर-जमानती धाराएं लगने के बाद यदि अदालत से अग्रिम जमानत या गिरफ्तारी पर रोक नहीं मिलती है तो पुलिस कभी भी कार्रवाई कर सकती है। यही वजह है कि पूरे मामले पर शिक्षा जगत से लेकर राजनीतिक गलियारों तक नजरें टिकी हुई हैं।वहीं खान सर ने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा है कि गार्डों ने आत्मरक्षा में फायरिंग की थी। हालांकि पुलिस की जांच और गार्डों के बयान ने मामले को नया मोड़ दे दिया है।

कोचिंग जगत के सबसे चर्चित चेहरों में शामिल खान सर पर दर्ज इस मुकदमे और गिरफ्तारी की आशंका ने पटना में सनसनी फैला दी है। पुलिस की छापेमारी जारी है और अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या खान सर को अदालत से राहत मिलती है या फिर पुलिस उन्हें हिरासत में लेने में सफल होती है।फिलहाल, पटना में सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या खान सर की गिरफ्तारी अब सिर्फ समय की बात है?

error: Content is protected !!