रामगढ़: अनियंत्रित होकर पलटा कोयला लोड 22 चक्का हाईवा, बिजली पोल टूटा, क्षेत्र में ब्लैकआउट

​रामगढ़। शुक्रवार तड़के करीब 3 बजे सौंदा डी-पतरातू मेन रोड पर अंबेडकर भवन के पास एक बड़ा हादसा हो गया। घाटो क्षेत्र से रिडक्शन कोयला लादकर पतरातू साइडिंग जा रहा एक 22 चक्का हाईवा (JH02 BC 2054) अनियंत्रित होकर पलट गया। पलटने से पहले वाहन सीधे 11 हजार वोल्ट के बिजली पोल से टकरा गया, जिससे पोल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पूरे इलाके की बिजली गुल हो गई।टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाईवा के परखच्चे उड़ गए, लेकिन गनीमत रही कि चालक टेकलाल महतो को सिर्फ हल्की चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे के बाद सड़क किनारे बड़ी मात्रा में कोयला बिखर गया, जिसे हटा दिया गया है।वहीं, बिजली विभाग भी आपूर्ति बहाल करने के लिए नए पोल लगाने में जुटा है।

​इस हादसे ने पतरातू साइडिंग के कोयला कारोबार पर एक बार फिर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। जानकारों के मुताबिक, रिडक्शन (कम गुणवत्ता वाले) कोयले का इस्तेमाल अक्सर उच्च गुणवत्ता वाले कोयले में मिलावट के लिए किया जाता है। आरोप है कि कम कीमत वाले इस कोयले को मिलाकर बाहर भेजा जाता है।स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटो क्षेत्र से रात के अंधेरे में इस तरह की ढुलाई लंबे समय से चल रही है।इस दुर्घटना के बाद स्थानीय जनता में आक्रोश है। लोगों ने सवाल उठाया है कि संबंधित विभागों की नाक के नीचे यह खेल कैसे चल रहा था? ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

error: Content is protected !!