जेल से निकले, गेट पर फिर गिरफ्तारी: हत्याकांड में जमानत पाने वाले चार आरोपी दोबारा पहुंचे सलाखों के पीछे

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह में एक हैरान करने वाला घटनाक्रम सामने आया है। गोलीबारी और हत्याकांड के मामले में जेल में बंद चार आरोपियों को जैसे ही उच्च न्यायालय से जमानत मिली और वे केंद्रीय कारा से बाहर निकले, पचम्बा पुलिस ने उन्हें जेल गेट पर ही दोबारा गिरफ्तार कर लिया। इस बार गिरफ्तारी सरकारी कार्य में बाधा डालने और पथराव से जुड़े दूसरे मामले में की गई है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अमित विश्वकर्मा, किशोर कुमार, मंजीत पासवान और आकाश हांडी शामिल हैं। गिरफ्तारी की पुष्टि पचम्बा थाना प्रभारी ने की है।

क्या है मामला?
नगर निकाय चुनाव के मतदान के बाद वार्ड संख्या-18 के आजाद नगर क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि गोलीबारी हुई और एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस मामले में पूर्व वार्ड पार्षद शिवम श्रीवास्तव समेत कई लोगों के खिलाफ पचम्बा थाना कांड संख्या 16/26 दर्ज किया गया था।
इसी मामले में शिवम श्रीवास्तव के साथ अमित विश्वकर्मा, किशोर कुमार, मंजीत पासवान और आकाश हांडी को भी जेल भेजा गया था। बाद में चारों आरोपियों को उच्च न्यायालय से जमानत मिल गई।

गुरुवार देर शाम चारों आरोपी केंद्रीय कारा से बाहर निकले ही थे कि पहले से मौजूद पचम्बा पुलिस ने उन्हें फिर से हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, इन चारों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और पथराव करने के आरोप में दर्ज कांड संख्या 15/26 में कार्रवाई की गई है।

दोबारा गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही परिजन जेल परिसर के बाहर विरोध करने लगे। उनका कहना था कि यदि पुलिस को इन आरोपियों से पूछताछ करनी थी तो जेल में रहते हुए ही रिमांड पर लेना चाहिए था।हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को पूरी कानूनी प्रक्रिया की जानकारी देकर शांत कराया। इसके बाद चारों आरोपियों को पचम्बा थाना लाया गया और शुक्रवार को न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें फिर से जेल भेजने की तैयारी की गई।

पचम्बा थाना प्रभारी ने बताया कि चारों आरोपियों को कांड संख्या 15/26 में गिरफ्तार किया गया है और विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

 

error: Content is protected !!