देवघर में दबोचा गया छत्तीसगढ़ का टॉप-10 वांछित अपराधी, सर्राफा व्यापारी हत्याकांड का खुलासा
देवघऱ।बिहार एसटीएफ, छत्तीसगढ़ पुलिस और झारखण्ड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में छतीसगढ़ के पेंड्रा के सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी उर्फ पप्पू हत्याकांड का खुलासा करते हुए बांका जिले के विजयनगर थाना क्षेत्र के अंतर्राज्यीय अपराधी मनीष मंडल उर्फ नागमणि उर्फ राहुल को देवघर के जसीडीह थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।यहां रामचंद्रपुर मोड़ के समीप स्थित पेट्रोल पंप के सामने ऑटो पार्ट्स दुकान के ऊपर मनीष उर्फ नागमणि उर्फ राहुल अपने गांव के एक युवक के साथ किराए के कमरे में रह रहा था।जसीडीह थाना पुलिस के सहयोग से बिहार एसटीएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया है।उसके पास से लूट के 50 ग्राम सोना और एक किलो चांदी के आभूषण बरामद किये गये हैं।
छत्तीसगढ़ पुलिस का टॉप-10 वांछित अपराधी मनीष मंडल हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के कई मामलों में आरोपी है। घटना के बाद फरार हुआ और देवघर के जसीडीह में आकर ठिकाना बनाया था।अन्य अपराधियों की तलाश जारी है।
26 मई को छत्तीसगढ़ के पेंड्रा, गौरेला थाना क्षेत्र निवासी सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी उर्फ पप्पू की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद बदमाश सोना-चांदी के आभूषणों से भरा थैला लूटकर फरार हो गये थे। इस संबंध में पेंड्रा थाना में कांड संख्या 163/26 के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान बिहार एसटीएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया।इसी क्रम में बांका जिले के विजयनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले अंतर्राज्यीय अपराधी मनीष मंडल उर्फ नागमणि को देवघर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से लूट के 50 ग्राम सोना और एक किलो चांदी के आभूषण बरामद किये।
चर्चा है कि मनीष छत्तीसगढ़ पुलिस का टॉप-10 वांछित अपराधी है।उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ और बिहार के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के चार संगीन मामले दर्ज हैं।पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से बिहार-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर सक्रिय अंतर्राज्यीय लूट-हत्या गिरोह को बड़ा झटका लगा है। मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

