राँची में नगर निगम दुकान आवंटन के नाम पर 8.12 लाख रुपये की ठगी, आरोपी ने दी जान से मारने की धमकी,प्राथमिकी दर्ज…
राँची।राजधानी राँची में नगर निगम की दुकान आवंटन प्रक्रिया के नाम पर एक बड़ी ठगी का मामला सामने आया है।अशोक नगर निवासी मनोज कुमार साह ने एक व्यक्ति पर फर्जी कागजात दिखाकर कुल 8.12 लाख रुपये की ठगी करने और बाद में जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए थाना में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।पीड़ित के अनुसार, साहेबगंज निवासी मो. अलीम शेख ने खुद को नगर निगम से जुड़ा बताते हुए दुकान आवंटन कराने का भरोसा दिलाया। इस दौरान उसने झारखण्ड सरकार का कथित ब्रोशर दिखाकर विश्वास में लिया और चरणबद्ध तरीके से कुल 8 लाख 12 हजार रुपये वसूल लिए। इसमें 1.12 लाख रुपये बैंक खाते में ट्रांसफर कराए गए, जबकि 7 लाख रुपये नकद लिए गए।जब पीड़ित ने नगर निगम की मार्केट शाखा में जाकर आवंटन की प्रक्रिया की जानकारी ली, तो पता चला कि ऐसा कोई आधिकारिक प्रावधान नहीं है और आरोपी एक ठेकेदार के नाम का सहारा लेकर लोगों को ठग रहा है।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उक्त व्यक्ति कई अन्य लोगों से भी इसी तरह ठगी कर चुका है। पीड़ित ने बताया कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी ने जान से मारने और ठेकेदार के साथ मिलकर घर से उठवा लेने की धमकी दी। इससे वह भयभीत है और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित है। मनोज कुमार साह ने आरोपी मो. अलीम शेख एवं उससे जुड़े ठेकेदार के खिलाफ कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

