एसपी का औचक निरीक्षण, लंबित कांडों पर जताई नाराजगी; वारंटियों की गिरफ्तारी तेज करने के निर्देश
हजारीबाग।अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने गुरुवार को चौपारण थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना में लंबित कांडों की गहन समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को मामलों के शीघ्र निष्पादन और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
थाना परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक में एसपी ने लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी ली और स्पष्ट कहा कि लंबित कांडों का त्वरित निष्पादन पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने वारंटियों की गिरफ्तारी, फरार अपराधियों की धरपकड़ तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान को और तेज करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के प्रति किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना के सभी एएसआई एवं एसआई के साथ अलग-अलग मामलों पर चर्चा की। उन्होंने अनुसंधान में आ रही चुनौतियों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा अनुसंधान की गुणवत्ता में सुधार लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि पुलिस के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत हो सके।
पुलिस अधीक्षक ने थाना के अभिलेखों, केस डायरी, लंबित कांडों की स्थिति एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को सतर्कता के साथ कार्य करते हुए क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा हर मामले में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मौके पर डीएसपी राधा प्रेम किशोर, सर्किल इंस्पेक्टर अनिल कुमार, थाना प्रभारी पंकज कुमार सहित थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

