Ranchi:बड़ी वारदात की तैयारी में थे अपराधी,पुलिस ने फिल्मी अंदाज में तीन को दबोचा,लोडेड देसी पिस्टल,6 गोलियां,कुल्हाड़ी और बेसबॉल स्टिक बरामद..
राँची।राजधानी राँची में पुलिस ने एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की साजिश को विफल करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर जगरनाथपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नीले रंग की स्विफ्ट कार से लोडेड देसी पिस्टल, 6 जिंदा गोलियां, कुल्हाड़ी, बेसबॉल स्टिक, मोबाइल और टैब बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा के द्वारा जगरनाथपुर थाना प्रभारी नितिन कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित छापामारी टीम ने लटमा रोड स्थित नेपाली कॉलोनी रोड नंबर-7, स्वर्णरेखा नदी के पास संदिग्ध स्विफ्ट कार को घेर लिया। कार में सवार तीन युवकों से पूछताछ और तलाशी के दौरान पुलिस को एक लोडेड देसी पिस्टल तथा 6 जिंदा कारतूस मिले।गिरफ्तार अपराधियों की पहचान सुमित मिंज उर्फ लवेंडर, राकेश रंजन उर्फ गुड्डु और रोहित महली के रूप में हुई है। पुलिस ने वाहन की तलाशी में दो लोहे की टांगी, एक लोहे का बेसबॉल स्टिक, एक लकड़ी का बेसबॉल स्टिक, पांच मोबाइल फोन और एक टैब भी बरामद किया।
पुलिस के अनुसार बरामद हथियार और सामान के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद सभी सामान जब्त कर जगरनाथपुर थाना में आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी सुमित मिंज उर्फ लवेंडर के खिलाफ हत्या, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं राकेश रंजन उर्फ गुड्डु का भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इससे पुलिस को आशंका है कि गिरफ्तार अपराधी किसी बड़ी वारदात की तैयारी में थे।
समय रहते मिली गुप्त सूचना और त्वरित कार्रवाई के चलते पुलिस ने संभावित गैंगवार, रंगदारी या अन्य गंभीर अपराध की साजिश को नाकाम कर दिया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है और आरोपियों के नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।

