घर से कमाने निकला था युवक,पेड़ से लटका मिला शव, हत्या या आत्महत्या , जांच में जुटी पुलिस…

​गोड्डा। झारखण्ड के गोड्डा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। महागामा थाना क्षेत्र के सरवा उप स्वास्थ्य केंद्र के पास शुक्रवार सुबह एक 22 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटकता हुआ मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। शव मिलने की खबर आग की तरह फैली और देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

​मृतक की पहचान बाड़ेडीह गांव निवासी शेख जुल्फिकार के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, जुल्फिकार गुरुवार की शाम को दूसरे राज्य में काम करने के उद्देश्य से अपना बैग लेकर घर से निकला था। परिवार को लगा कि वह अपनी मंजिल के लिए रवाना हो चुका है, लेकिन शुक्रवार की सुबह उसकी मौत की खबर ने सबको झकझोर कर रख दिया।घटनास्थल के पास ही युवक के कपड़े भी बरामद हुए हैं, जिससे यह पूरा मामला बेहद संदेहास्पद नजर आ रहा है। पुलिस ने कपड़ों को अपने कब्जे में ले लिया है।

​इस खौफनाक घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गुस्से और सदमे में डूबे परिजनों और स्थानीय लोगों ने इंसाफ की मांग को लेकर गम्हरिया-पथरगामा मुख्य सड़क को जाम कर दिया है, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया है।

​घटना की सूचना मिलते ही महागामा थाना प्रभारी मनोज पाल पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर अपने कब्जे में लिया और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।थाना प्रभारी मनोज पाल ने बताया कि पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों ही एंगल से इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है।घटनास्थल से मिले साक्ष्यों (कपड़े और अन्य सामान) की बारीकी से जांच की जा रही है।परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ कर सच का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।

error: Content is protected !!