हज़ारीबाग:मुठभेड़ में मारा गया एक करोड़ का इनामी नक्सली सहदेव का शव परिजन ले गए,दो नक्सलियों के शव लेने नहीं पहुँचे परिजन

 

हजारीबाग।झारखण्ड के हज़ारीबाग जिले में मुठभेड़ में मारे गए तीन माओवादी कमांडरों में से एक का शव लेने उनके परिजन मंगलवार को अस्पताल पहुंचे। वह भी बहुत समझाने बुझाने पर,जबकि दो माओवादियों के शव अब भी अस्पताल में लावारिस पड़ा है।सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए तीन माओवादियों के शव मेडिकल कालेज अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस में रखा था।इनमें से एक करोड़ का इनामी माओवादी कमांडर प्रवेश दा उर्फ सहदेव सोरेन का शव उसकी पत्नी, भाई और बड़ा बेटा पोस्टमार्टम के बाद लेने पहुंचा। जबकि अन्य दो नक्सलियों के शव अब तक लावारिस हालत में हैं।अगर कोई शव लेने नहीं पहुँचते हैं तो निर्धारित 72 घंटे की अवधि पूरी होने के बाद प्रशासन की देखरेख में उनका अंतिम संस्कार खिरगांव में किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक उत्तरी छोटानागपुर जोन में सक्रिय प्रवेश के पूरे दस्ते का लगभग सफाया हो गया है।

मुठभेड़ के बाद गोरहर थाने में प्राथमिकी भी दर्ज की गई है। थाना प्रभारी नीतीश कुमार सिंह के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

एक करोड़ के इनामी नक्सली प्रवेश का शव लेने आई पत्नी पार्वती देवी ने बताया कि उसका पति पिछले 18 साल से घर नहीं आया था। उसने कहा, अगर वह घर लौटता तो हम समझाते। बताया कि फोन पर बातचीत हुई थी तो घर लौट आने को कहा था।लेकिन बात नहीं मानी। बताया कि परिवार का भरण-पोषण खेती-किसानी और मजदूरी से होता है। बेटे के बड़ा होने तक हमने खुद ही परिवार का पालन-पोषण किया। एक बेटा आश्रम विद्यालय में पढ़ाई कर रहा है, जबकि दूसरा राँची में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है।उन्हें मुठभेड़ की जानकारी पहले सोशल मीडिया व समाचार चैनलों से मिली, बाद में पुलिस ने भी सूचना दी। सहदेव की पत्नी ने कहा कि वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं और बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का प्रयास कर रही हैं। परिवार ने स्पष्ट किया कि वर्षों से नक्सली गतिविधियों से परिजनों का कोई जुड़ाव नहीं है।

छोटे भाई टेकलाल सोरेन ने बताया कि सहदेव कुछ साल पहले घर छोड़कर नक्सली संगठन से जुड़ गया था। पुलिस की लगातार खोजबीन के कारण हमें जानकारी मिली कि वह कई बड़ी घटनाओं में शामिल था।उसकी गिरफ्तारी या मारने पर सरकार ने 1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। बताया कि डर के कारण ही परिवार को मुखिया के साथ आकर ही पोस्टमार्टम हाउस तक जाना पड़ा।

शव लेने आए परिवार के सदस्यों ने बताया कि उन्हें डर था कि पुलिस उन पर भी कोई कार्रवाई न कर दे। काफी समझाने-बुझाने के बाद ही परिजन शव लेने आए और उसे गांव ले गए।

प्रवेश के शव को छोड़कर अन्य दो नक्सलियों के शव को लेने कोई परिजन नहीं आया। रघुनाथ और बिरसेन का शव अब भी परिजनों का इंतजार कर रहा है।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों के अनुसार 72 घंटे तक शव सुरक्षित रखा जाएगा। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार प्रशासन की देखरेख में खिरगांव में किया जाएगा।

error: Content is protected !!