गढ़वा:दूल्हे को चश्मा पहनाने के विवाद में आपस में मारपीट,एक बाराती की पीट-पीटकर हत्या,आरोपी फरार
गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा जिला के डंडई थाना क्षेत्र के रारो गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक बाराती की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।घटना के बाद जश्न का माहौल मातम में बदल गया। मृतक मुकेश यादव धुरकी थाना क्षेत्र के सोनडीहा गांव का निवासी था।
मंगलवार सुबह जैसे ही उसका शव गांव पहुंचा,परिजनों में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, सोनडीहा गांव के धर्मन यादव के पुत्र दीपक यादव की बारात रारो गांव निवासी लक्ष्मण यादव के घर गई थी।जनवासा में नाश्ते के बाद दूल्हे के पास दोस्तों और रिश्तेदारों की भीड़ जुटी थी।इसी बीच दूल्हे का ममेरा भाई, रविंद्र यादव (निवासी धूमा, उत्तर प्रदेश), दूल्हे को जबरन चश्मा पहनाने की कोशिश करने लगा। दूल्हे के इनकार करने पर वहां मौजूद मुकेश यादव ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि जब दूल्हा मना कर रहा है, तो जबरदस्ती क्यों कर रहे हो
इसी बात को लेकर रविंद्र और मुकेश के बीच कहासुनी हो गई। उस वक्त तो बारातियों ने मामला शांत करा दिया, लेकिन कुछ देर बाद जब मुकेश अकेला था, तब रविंद्र ने उस पर हमला कर दिया।आरोप है कि रविंद्र ने मुकेश की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि वह बेहोश होकर गिर पड़ा।गंभीर रूप से घायल मुकेश को ग्रामीण तुरंत इलाज के लिए डंडई अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
मौत की खबर फैलते ही बारात में भगदड़ मच गई और कई लोग मौके से खिसक गए।मंगलवार को धुरकी पुलिस ने सोनडीहा पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद मृतक के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। मौके पर पूर्व जिला परिषद सदस्य नंदगोपाल यादव, प्रखंड प्रमुख अजय साव, मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा, मुखिया प्रतिनिधि हनुमंत कुमार यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

