Ranchi:होमगार्ड जवान से स्कूटी लूटकांड का खुलासा, दो अपराधी गिरफ्तार, लूटी गई स्कूटी बरामद
रराँची।राजधानी राँची के चुटिया थाना क्षेत्र में होमगार्ड जवान से स्कूटी लूट मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को चुटिया पुलिस ने बुंडू इलाके से दबोचा है। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर लूटी गई स्कूटी भी बरामद कर ली गई है।
जानकारी के अनुसार, बीते 24 मई की देर रात होमगार्ड जवान ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चुटिया थाना क्षेत्र के पंचवटी चौक के समीप दो अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। अपराधियों ने जवान पर चाकू सटा दिया और जान से मारने की धमकी देकर उनकी स्कूटी लूटकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद पीड़ित जवान की शिकायत पर चुटिया थाना में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस अपराधियों तक पहुंचने में सफल रही।जांच के क्रम में चुटिया पुलिस ने बुंडू क्षेत्र में छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई स्कूटी भी बरामद कर ली है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। वहीं, इस कार्रवाई को चुटिया पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
बता दें पूरी घटना चुटिया थाना क्षेत्र के रेलवे कॉलोनी टीओपी के समीप घटी। होमगार्ड जवान गणेश राम कांके के रिनपास से अपनी ड्यूटी खत्म कर स्कूटी से रेलवे कॉलोनी घर लौट रहे थे। इसी दौरान रेलवे स्टेशन के पीछे पंचवटी चौक के आगे पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रास्ते में जबरन रोक लिया। इससे पहले कि जवान कुछ समझ पाते, अपराधियों ने उन पर चाकू तान दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए स्कूटी छीन ली थी।
चुटिया थान की पुलिस ने मामले में करीब 500 सीसीटीवी फुटेज खंगाला तब जाकर अपराधियों के बारे में सूचना प्राप्त हुई।दोनों शातिर अपराधियों ने राँची में कई इलाकों में पहले भी के घटना को अंजाम दे चुका है।पुलिस विस्तृत जानकारी जुटा रही है।आज सम्भवतः इस मामले में प्रेसवार्ता में जानकारी पुलिस दे सकती है।

