गढ़वा:मामूली विवाद में देवर ने भाभी को बेरहमी से मार डाला भतीजे को भी किया घायल,आरोपी गिरफ्तार

 

गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा जिले के हरिहरपुर ओपी क्षेत्र के मझिगांव गांव अंतर्गत अकड़हवा टोले (मुसहरवा डेरा) में शुक्रवार की सुबह पारिवारिक विवाद में एक सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम दिया गया। यहां मामूली बात पर उपजे विवाद में एक देवर ने अपनी सगी भाभी की नुकीले हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी।इस खूनी संघर्ष में अपनी मां को बचाने आया 16 वर्षीय बेटा भी गंभीर रूप से घायल हो गया है। मृतका की पहचान मिर्जा मुसहर की पत्नी उर्मिला मुसहर (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि उसका घायल पुत्र अर्जुन मुसहर (16 वर्ष) है। घटना की सूचना मिलने के बाद हरिहरपुर ओपी प्रभारी नसीम अंसारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार मुख्य आरोपी देवर उदय मुसहर को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के वक्त मौके पर मौजूद मृतका की बहन ने बताया कि वह अपने घर में होने वाली शादी का निमंत्रण (न्योता) देने के लिए उर्मिला के घर आई हुई थी। शुक्रवार की सुबह जब वह परिवार के सदस्यों को निमंत्रण दे रही थी, तभी शादी में जाने और न जाने की बात को लेकर उर्मिला मुसहर और उसके देवर उदय मुसहर के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह पारिवारिक विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी उदय मुसहर तैश में आ गया।उसने घर में रखा एक नुकीला हथियार उठाया और अपनी भाभी उर्मिला पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए।वार इतने जोरदार थे कि उर्मिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जब आरोपी उदय मुसहर अपनी भाभी पर जानलेवा हमला कर रहा था, तो मां की चीख-पुकार सुनकर उसका 16 वर्षीय बेटा अर्जुन मुसहर बीच-बचाव करने के लिए दौड़ा। लेकिन खून सवार आरोपी ने अपने भतीजे को भी नहीं बख्शा और उसी नुकीले हथियार से वार कर उसे गंभीर रूप से लहूलुहान कर दिया।

वारदात के बाद गांव में कोहराम मच गया।सूचना मिलते ही हरिहरपुर ओपी प्रभारी नसीम अंसारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।उन्होंने संवेदनशीलता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल अर्जुन मुसहर को तत्काल अपने सरकारी वाहन से इलाज के लिए कांडी अस्पताल भेजा, जहां उसका उपचार चल रहा है। इसके साथ ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया।पुलिस ने मुख्य आरोपी उदय मुसहर (पिता- नथुनी मुसहर) को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!