अस्थियां विसर्जित करने निकले थे, रास्ते में बिछ गईं लाशें; फिरोजपुर सड़क हादसे में 8 की मौत

 

डेस्क टीम/फिरोजपुर। पंजाब के फिरोजपुर जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया। फाजिल्का रोड स्थित जंगा वाले मोड़ के पास एक पिकअप गाड़ी और घोड़ा ट्रॉली के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में सवार लोग एक परिजन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान जंगा वाले मोड़ के निकट सामने से आ रही घोड़ा ट्रॉली से उनकी गाड़ी की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री वाहन के भीतर फंस गए।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

सिविल अस्पताल में घायलों के पहुंचते ही चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू कर दिया। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. निखिल गुप्ता ने बताया कि गंभीर रूप से घायल कई मरीजों को बेहतर इलाज के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज सिविल अस्पताल में जारी है।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई तथा मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!