चीख-पुकार के बाद कमरे से भागा युवक, पड़ोसियों ने दौड़ाकर पकड़ा; अंदर मिली महिला पर्यवेक्षिका की खून से सनी लाश…मचा हड़कंप
चाईबासा। झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में गुरुवार की दोपहर एक महिला पर्यवेक्षिका की हत्या से सनसनी फैल गई। शीतला मंदिर ग्वाला पट्टी, वार्ड संख्या-7 स्थित एक किराए के मकान में सोनुवा प्रखंड के बाल विकास परियोजना कार्यालय में पदस्थापित महिला पर्यवेक्षिका अनीता बिंद की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद मकान से भाग रहे एक युवक को स्थानीय लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार हिरासत में लिया गया युवक अनिल कुमार बिंद है, जिसने शुरुआती पूछताछ में खुद को मृतका का प्रेमी बताया है।
दोपहर में मिलने पहुंचा था युवक, कुछ देर बाद मच गई चीख-पुकार
मिली जानकारी के अनुसार अनीता बिंद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के ओरा गांव की रहने वाली थीं। वह करीब 15 दिनों से चक्रधरपुर में संजय साव के मकान में किराए पर अकेली रह रही थीं। गुरुवार दोपहर करीब दो बजे अनिल कुमार बिंद उनसे मिलने उनके कमरे पर पहुंचा था।बताया जा रहा है कि दोनों के बीच कमरे के अंदर किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान ऊपरी मंजिल से अचानक चीख-पुकार और शोर सुनाई देने लगा। आसपास के लोग जब तक कुछ समझ पाते, अनिल तेजी से मकान से बाहर निकलकर भागने लगा।
भागते युवक को लोगों ने दौड़ाकर दबोचा
मकान से युवक को भागते देख स्थानीय लोगों को शक हुआ। लोगों ने उसका पीछा किया और कुछ दूर दौड़ाने के बाद उसे पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और युवक को पुलिस के हवाले कर दिया।इधर, जब पड़ोसी अनीता के कमरे में पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। अनीता खून से लथपथ हालत में पड़ी थीं। उनके शरीर पर धारदार हथियार से किए गए वार के निशान थे। कमरे में खून बिखरा हुआ था। आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही चक्रधरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने हिरासत में लिए गए अनिल कुमार बिंद से पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मृतका और आरोपी दोनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। आरोपी ने पूछताछ में मृतका के साथ प्रेम संबंध होने की बात कही है। हालांकि हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, विवाद किस बात को लेकर हुआ और हत्या में इस्तेमाल हथियार कहां है, इन सवालों का जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगा।
15 दिन पहले ही किराए के मकान में रहने आई थीं
अनीता बिंद सोनुवा प्रखंड में बाल विकास परियोजना कार्यालय में महिला पर्यवेक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। नौकरी के सिलसिले में वह चक्रधरपुर में रह रही थीं और घटना से करीब 15 दिन पहले ही उक्त किराए के मकान में शिफ्ट हुई थीं। इतने कम समय में ही उनके साथ हुई हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ से खुलेगा हत्या का राज
घटना के बाद शीतला मंदिर ग्वाला पट्टी में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या अचानक हुए विवाद के दौरान हुई या इसके पीछे पहले से कोई योजना थी।फिलहाल पुलिस की जांच आरोपी के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर केंद्रित है। हत्या की पूरी तस्वीर जांच आगे बढ़ने के बाद ही साफ हो सकेगी।वहीं पुलिस के द्वारा परिजनों को सूचना दी।सूचना मिलने के बाद परिजन भी देर रात पहुँच गए हैं।पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

