कुंदा में नाबालिग की हत्या का खुलासा:तीज की रात DJ देखने गई नाबालिग को झाड़ियों में खींच ले गए, दुष्कर्म के बाद दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या; दो गिरफ्तार

 

चतरा। तीज के त्योहार पर गांव में बज रहे डीजे पर नाच देखने गई नाबालिग लड़की की हत्या के मामले का कुंदा पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, दो युवकों ने अंधेरे का फायदा उठाकर नाबालिग को झाड़ियों की ओर खींच लिया। वहां दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और इसके बाद उसी के दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद शव को झाड़ियों में छोड़कर दोनों फरार हो गए।

मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलेश भारती (22), पिता पुनित भारती, निवासी बानासाम टोला पाठकडीह, थाना कुंदा और मनोज कुमार (19), पिता हरेन्द्र भारती, निवासी बानासाम टोला पाठकडीह, थाना कुंदा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर 2026 की दोपहर सूचना मिली कि कुंदा थाना क्षेत्र के बेसरा गांव की झाड़ियों में एक नाबालिग लड़की का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल से फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस  के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर को तीज के त्योहार के दौरान गांव में डीजे बज रहा था। इसी दौरान नाबालिग वहां डीजे का नाच देखने पहुंची थी। आरोप है कि अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों उसे खींचकर झाड़ियों की तरफ ले गए।पुलिस के अनुसार, झाड़ियों में दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद नाबालिग की हत्या करने के लिए उसके दुपट्टे का इस्तेमाल कर गला घोंट दिया गया। हत्या के बाद शव को झाड़ियों में छोड़ दिया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर कई सामान बरामद किए हैं। इनमें नाबालिग का लाल रंग का टॉर्च और हेयर पिन शामिल हैं। इसके अलावा घटना के दिन दोनो आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी कमलेश भारती के पास से लावा कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

इस संबंध में कुंदा थाना कांड संख्या 62/26, दिनांक 16 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 70, 64, 103(1), 3(5) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4/6 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। घटनास्थल से जुटाए गए फोरेंसिक साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी जांच में महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

कार्रवाई में कुंदा थाना प्रभारी पु0अ0नि. अमित कुमार, स0अ0नि. अशोक कुमार मंडल, स0अ0नि. नागेश्वर पंडित, स0अ0नि. मुनेश्वर चौधरी, कुंदा थाना के सशस्त्र बल तथा चतरा की तकनीकी शाखा की टीम शामिल रही।

error: Content is protected !!