हजारीबाग:चश्मे के सुराग से हत्यारे तक पहुंची पुलिस, जमीन विवाद में महिला की हत्या का खुलासा..

 

हजारीबाग। जिले के इचाक थाना क्षेत्र के नेशनल पार्क के पीछे कुड़बी पुल के नीचे 25 अगस्त को मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की हत्या जमीन के लेन-देन से जुड़े विवाद में की गई थी। इस मामले में पुलिस ने बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र निवासी प्रकाश कुमार (27) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में प्रकाश ने अपने दो अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की बात स्वीकार की है।

पुलिस के मुताबिक, 23 अगस्त 2026 को महिला रंजना सिन्हा, पति सुरेश कुमार सिन्हा, निवासी ओकनी न्यू एरिया, थाना लोहसिंघना, हजारीबाग की हत्या गला दबाकर कर दी गई थी। हत्या के बाद शव को इचाक थाना क्षेत्र के नेशनल पार्क के पास कुड़बी पुल के नीचे रात में फेंक दिया गया था।

जांच में पुलिस ने हत्या के पीछे जमीन के लेन-देन का विवाद बताया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तकनीकी शाखा की मदद से मामले की जांच आगे बढ़ाई गई। इसी दौरान पुलिस को मामले में संदिग्ध प्रकाश कुमार की भूमिका का पता चला। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो कथित तौर पर उसने अपने दो सहयोगियों के नाम बताए।

पुलिस के अनुसार, प्रकाश ने बिक्की कुमार पासवान, पिता कपिल पासवान, निवासी बागली, थाना मानपुर, गया और आयुष कुमार, पिता रंजीत साव, निवासी बिझाबाजार, थाना चौपारण, हजारीबाग के साथ मिलकर जमीन के लेन-देन को लेकर रंजना सिन्हा की हत्या की।

शव मिला तो पहचान तक नहीं हो पा रही थी
25 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे इचाक थाना पुलिस को सूचना मिली कि नेशनल पार्क के पीछे कुड़बी पुल के नीचे एक अज्ञात महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेजा गया। इसके बाद अज्ञात महिला की पहचान के लिए शव को शीतगृह में सुरक्षित रखा गया।इस मामले में इचाक थाना कांड संख्या 144/26 दर्ज कर धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत अनुसंधान शुरू किया गया।

चश्मे ने पहुंचाया पुलिस को हत्यारे तक
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के साथ घटनास्थल से जुड़े सुरागों को खंगाला। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार प्रकाश कुमार की निशानदेही पर घटनास्थल के पास स्थित झाड़ी से मृतका रंजना सिन्हा का चश्मा बरामद किया गया। यही बरामदगी जांच में अहम साक्ष्य मानी जा रही है।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार प्रकाश कुमार का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ बाराचट्टी थाना कांड संख्या 510/19, धारा 30-ए बिहार एक्साइज एक्ट तथा बोधगया थाना कांड संख्या 291/19, धारा 279/338/353 भादवि एवं 30-ए बिहार एक्साइज एक्ट के मामले दर्ज हैं।

पुलिस टीम ने ऐसे किया खुलासा
पूरे मामले की जांच में इचाक थाना प्रभारी पुअनि गौतम कुमार, लोहसिंघना थाना प्रभारी पुअनि निशांत केरेकेट्टा, अनुसंधानकर्ता पुअनि नन्दकिशोर दास, पुअनि सुनील शर्मा, सअनि सुरेश कुमार दास समेत इचाक थाना के सशस्त्र बल एवं चौकीदार शामिल रहे।

error: Content is protected !!