सुनसान जंगल में मिला अज्ञात महिला का शव, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका से सनसनी,जांच में जुटी पुलिस
राँची।नामकुम थाना अंतर्गत खरसीदाग ओपी क्षेत्र के ग्राम कोचबोंग के पहाड़ कोचा जंगल में बुधवार देर शाम एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव जंगल के सुनसान इलाके में पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा अधिक होने के कारण रात में शव को बाहर नहीं निकाला जा सका।
जानकारी के अनुसार, बुधवार देर शाम स्थानीय ग्रामीणों की नजर जंगल में पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल खरसीदाग ओपी प्रभारी को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और आसपास के इलाके की छानबीन की। हालांकि, जंगल में अंधेरा होने और दुर्गम स्थान होने के कारण रात में शव को बरामद करना संभव नहीं हो सका।
एफएसएल टीम के साथ पहुंची पुलिस, घटनास्थल की जांच
गुरुवार सुबह पुलिस ने एफएसएल टीम को घटनास्थल पर बुलाया। एफएसएल टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाने के साथ घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस ने शव की स्थिति, आसपास के क्षेत्र और संभावित साक्ष्यों को खंगाला। जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया।
दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जता रहे ग्रामीण
जिस स्थान से महिला का शव बरामद हुआ है, वह इलाका काफी सुनसान बताया जा रहा है। इसी वजह से स्थानीय ग्रामीण महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल इस आशंका की पुष्टि नहीं की है।
खरसीदाग ओपी प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि महिला की मौत के वास्तविक कारण और उसके साथ दुष्कर्म हुआ है या नहीं, इसकी जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
महिला की पहचान में जुटी पुलिस
फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसके हुलिए और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर पहचान कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। घटनास्थल के आसपास के इलाके और संभावित रास्तों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि महिला वहां तक कैसे पहुंची।महिला की उम्र करीब 28-30 वर्ष की होगी।वहीं शव करीब चार पांच दिन पुराना बताया जा रहा है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच से मामले में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

