रामगढ़ पुलिस की विशेष पहल प्रहरी के 2 महीने पूरे: चट्टी बाजार से रजरप्पा मोड़ तक एसपी ने खुद संभाली कमान, जनता से मांगे सुझाव

रामगढ़। जिले में अपराध पर नकेल कसने,यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और आम जनता के बीच सुरक्षा का अहसास मजबूत करने के लिए रामगढ़ पुलिस पूरी तरह से एक्शन मोड में है। शुक्रवार को जिला पुलिस की विशेष पहल प्रहरी के तहत खुद एसपी मुकेश लुनायत ने रजरप्पा थाना क्षेत्र के चट्टी बाजार से लेकर रजरप्पा मोड़ तक पैदल गश्ती की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और सड़क पर अवैध पार्किंग व यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के निर्देश दिए।
प्रहरी पहल के तहत 259 संवेदनशील स्थल चिन्हित:
रामगढ़ पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण और अपराधियों में खौफ पैदा करने के उद्देश्य से बीते 14 मई को विशेष पहल प्रहरी की शुरुआत की गई थी। इस अभियान को मुख्य रूप से तीन भागों में बांटा गया है, जिसके तहत पूरे जिले में कुल 259 स्थलों को चिन्हित किया गया था।
-पैदल गश्ती: 76 स्थल
-अड्डेबाजी के विरुद्ध अभियान: 114 स्थल
-एंटी क्राइम चेकिंग: 69 स्थल
पिछले दो महीनों से पुलिस इन चिन्हित स्थलों पर हर दिन समय और स्थान बदल-बदल कर बेहद प्रभावी तरीके से अभियान चला रही है. इससे न केवल सड़कों पर पुलिस की दृश्यता बढ़ी है, बल्कि मनचलों और असामाजिक तत्वों पर भी लगाम कसी गई है.
नए स्थलों को चिन्हित करने का निर्देश, बदलेगी रणनीति:
अभियान की सफलता को देखते हुए एसपी ने जिले के सभी थाना और ओपी प्रभारियों को नया टास्क सौंपा है. एसपी ने निर्देश दिया है कि अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल गश्ती, अड्डेबाजी विरोधी अभियान और एंटी क्राइम चेकिंग के लिए पुनः नए संवेदनशील स्थलों को चिन्हित करें ताकि अपराधियों के खिलाफ रणनीति को और मजबूत किया जा सके.
पुलिस ने जनता से की अपील, व्हाट्सएप्प पर दें अपने सुझाव:
रामगढ़ पुलिस ने इस अभियान को और अधिक व्यावहारिक और जनता के अनुकूल बनाने के लिए आम नागरिकों से सहयोग मांगा है।पुलिस ने अपील की है कि यदि आपके क्षेत्र में कोई ऐसा स्थान है जहां अड्डेबाजी होती हो, छेड़खानी की शिकायत हो या एंटी क्राइम चेकिंग की जरूरत हो, तो अपने सुझाव जिला पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सएप्प नंबर: 9262998529 पर जरूर साझा करें। सेवा ही लक्ष्य के संकल्प के साथ रामगढ़ पुलिस आम जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार तत्पर है

