थाने की दीवार के साए में पोस्ट ऑफिस में सेंध, लॉकर नहीं टूटा तो बच गई सरकारी नकदी

 

बोकारो।सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक हैरान करने वाली घटना बेरमो के चंद्रपुरा से सामने आई है। थाना परिसर से सटी बाउंड्री के दूसरी ओर स्थित चंद्रपुरा पोस्ट ऑफिस को गुरुवार देर रात चोरों ने निशाना बनाया। चोर पूरी तैयारी के साथ आए और कार्यालय के कई हिस्सों में जमकर तोड़फोड़ की, लेकिन कैश लॉकर नहीं तोड़ सके। इससे पोस्ट ऑफिस की नकदी सुरक्षित बच गई।

पोस्टमास्टर शंभू प्रसाद राय के अनुसार, चोर शौचालय की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे। इसके बाद उन्होंने एक-एक कर कई कमरों के ताले तोड़े और जहां ताले नहीं टूटे, वहां दरवाजों को ही क्षतिग्रस्त कर दिया। कार्यालय में रखे सामान को भी अस्त-व्यस्त कर दिया गया। फिलहाल यह जांच की जा रही है कि चोर अपने साथ क्या-क्या सामान ले गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस को जानकारी दी गई, लेकिन पोस्टमास्टर का कहना है कि पुलिस करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया,तस्वीरें लीं और जांच शुरू कर दी है।मौके से एक खुरपी भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।आशंका है कि इसी औजार से खिड़की, ताले और दरवाजे तोड़े गए।

इस वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि पोस्ट ऑफिस और थाना परिसर के बीच सिर्फ एक बाउंड्री की दूरी है। वहीं पोस्ट ऑफिस के सामने बिरसा मार्केट जैसा व्यस्त इलाका भी मौजूद है। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर घंटों तक चोरी और तोड़फोड़ करते रहे।इस घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की रात्रि गश्ती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस चोरों की पहचान और चोरी गए सामान का पता लगाने में जुटी है।

error: Content is protected !!