राँची के बरियातू थाना के पीछे दिनदहाड़े चेन छिनतई, महिला से सोने की चेन झपटकर फरार हुए बाइक सवार अपराधी

राँची।राजधानी राँची में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ताजा मामला बरियातू थाना क्षेत्र का है, जहां थाना परिसर से महज कुछ दूरी पर दिनदहाड़े एक महिला से सोने की चेन छीनकर अपराधी फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की गश्त व सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार, अर्पण विला, विद्यापति मार्ग स्थित तेतर टोली गेट के पास रहने वाली एक महिला सब्जी खरीदकर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार दो अपराधी, जिन्होंने हेलमेट पहन रखा था, महिला के पास पहुंचे। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, पीछे बैठे अपराधी ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूरी घटना कुछ ही सेकंड में हुई। अचानक हुई इस वारदात से महिला घबरा गईं और शोर मचाया, लेकिन तब तक अपराधी भाग चुके थे। स्थानीय लोगों ने अपराधियों का पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आए।
घटना की सूचना मिलते ही बरियातू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक और अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

