निरसा विधायक अरूप चटर्जी को गैंगस्टर प्रिंस खान की कथित धमकी, रंगदारी मांगने का आरोप; एसएसपी से लगाई सुरक्षा और कार्रवाई की गुहार

 

धनबाद। झारखण्ड के धनबाद जिले में अपराध और कोयला कारोबार से जुड़े मुद्दों के बीच एक नया विवाद सामने आया है। निरसा से विधायक अरूप चटर्जी ने दावा किया है कि फरार गैंगस्टर प्रिंस खान की ओर से उन्हें फोन कॉल, व्हाट्सएप ऑडियो और मैसेज के जरिए रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी गई है। विधायक ने पूरे मामले की लिखित शिकायत धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक को सौंपते हुए तत्काल कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।

विधायक के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से एक नंबर से लगातार फोन कॉल आ रहे थे। उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया तो व्हाट्सएप पर ऑडियो संदेश और टेक्स्ट मैसेज भेजे गए। आरोप है कि इन संदेशों में 24 घंटे के भीतर पैसे की व्यवस्था करने का दबाव बनाया गया और ऐसा नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। ऑडियो में कोयला कारोबार का भी जिक्र होने की बात कही जा रही है।

बताया गया कि विधायक अरुप चटर्जी के मोबाइल नंबर पर दोपहर 12 बजे के आसपास एक विदेशी नंबर से मैसेज आता है, जिसमें लिखा रहता है कि “सुन ले रे अरूप चटर्जी, मैं बोल रहा हूं प्रिंस खान। दुबई से हमको भी पैसा चाहिए नहीं तो दोबारा कॉल मैसेज नहीं करेंगे। 24 घंटा में रिजल्ट देंगे, और सुना कोयला का काम कैसे चल रहा है।” इसके अलावा यह भी लिखा है कि रिप्लाई देगा या गोली खाएगा।वहीं,विधायक को भेजे गए वॉयस मैसेज में कहा गया है, कि “प्रशासन को बोल दो, नंबर बंद कर दो या ब्लॉक कर दो।नंबर बंद या ब्लॉक करने से तुम तो मरेगा नहीं जिंदा ही रहेगा।क्लियर बोल देना कि देना है या नहीं देना है। मारेंगे तो हम ही।क्लियर बोल देना, देना है कि नहीं देना है।नहीं देना है तो क्लियर बोल देना। दोबारा फोन मैसेज नहीं करेंगे।सीधा रिजल्ट देंगे। मैनेज करो बात करो कम बेसी करके मैनेज करो और बात खत्म करो।”

प्रेस वार्ता के बाद मिली धमकी का दावा

अरूप चटर्जी का कहना है कि हाल ही में उन्होंने एक प्रेस वार्ता कर सांसद ढुलू महतो और गैंगस्टर प्रिंस खान के कथित संबंधों की जांच कराने की मांग उठाई थी। उनका आरोप है कि उसी बयान के बाद उन्हें धमकी भरे संदेश मिलने शुरू हुए। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्षों की ओर से इस पर सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

केंद्रीय एजेंसियों से जांच की दोहराई मांग

विधायक ने एक बार फिर धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में कोयला चोरी, अवैध खनन, रंगदारी और संगठित अपराध की केंद्रीय एजेंसियों से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि व्यापक जांच होती है तो उसमें उनका नाम भी शामिल किया जाए, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच हो सके।

पुलिस ने शुरू की जांच

धमकी मिलने के बाद विधायक ने धनबाद एसएसपी को लिखित शिकायत सौंप दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों की ओर से व्हाट्सएप संदेश, ऑडियो क्लिप और कॉल डिटेल की तकनीकी जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

error: Content is protected !!