5 साल से फरार एएसआई आखिरकार गिरफ्तार, शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप

 

दुमका।झारखण्ड के दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना की पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में करीब पांच वर्षों से फरार चल रहे एएसआई हरिमोहन मरांडी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी को गुरुवार को गोड्डा जिले के महागामा क्षेत्र से पकड़ा गया। घटना के समय वह धनबाद के बलियापुर थाना में पदस्थापित था।

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने शादी का वादा कर कई वर्षों तक उसका यौन शोषण किया। जब उसने विवाह की बात की तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकी भी दी। इस संबंध में वर्ष 2021 में शिकारीपाड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
हालांकि, मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब पीड़िता पक्ष के अधिवक्ता ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि आरोपी की गिरफ्तारी को आत्मसमर्पण का रूप देकर पेश किया गया। इस आरोप पर फिलहाल पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

error: Content is protected !!