सड़क दुर्घटना में दो चचेरे भाइयों की मौत,दोनों की शादी होने वाली थी….दोनों ही इकलौते थे…

दुमका।झारखण्ड के जामताड़ा जिला के फतेहपुर में मंगलवार की रात सड़क दुर्घटना में दो भाइयों की मौत हो गई।दुमका जिला के जामा थाना के ताराजोरा निवासी उदय और पिंटू की दुर्घटना में दोनों की मौत हो गयी।पिंटू ने जामताड़ा अस्पताल में दम तोड़ा तो उदय ने धनबाद अस्पताल में दम तोड़ दिया।जानकारी के अनुसार ताराजोरा निवासी नवल किशोर खिरहर और अजय खिरहर सहोदर भाई हैं।दोनों भाई को एक एक लड़का था। नवल के पुत्र का नाम उदय कांत तो भूतपूर्व सैनिक अजय के पुत्र का नाम पिंटू कुमार था।इस प्रकार उदय और पिंटू चचेरा भाई था।

11 मार्च को उदय तो 12 मार्च को पिंटू की होनी थी शादी

बड़े अरमान के साथ नवल ने अपने पुत्र उदय कांत की शादी 11 मार्च को दुमका जिला के तालझारी थाना के हेठतीनपरा गांव में तय हुई थी, जबकि अजय के बेटे पिंटू की शादी जामा थाना के हल्दीपट्टी गांव में 12 मार्च को होनी थी। घर मे उत्सवी माहौल था।दोनों भाई की शादी का आमंत्रण कार्ड छप चुका था। कार्ड सगे संबंधियों तक पहुचाया जा रहा था।पिंटू और उदय मंगलवार को बहन के पास शादी का कार्ड लेकर बाइक से पहुचा था।शाम होने के कारण बहन ने दोनों भाई को रोका भी, लेकिन दोनों भाई यह कहकर निकल गए कि बहुत सारा काम बांकी है। लेकिन यहां तो नियति को कुछ और ही मंजूर था।फतेहपुर पेट्रोल पंप में बाइक में पेट्रोल लेने के बाद दोनों भाई सड़क पार करने का इंतजार कर रहे थे, तभी पीछे से अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।दोनों को इलाज के लिए जामताड़ा अस्पताल ले जाया गया। उदय की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे धनबाद रेफर कर दिया गया। धनबाद पहुचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि इलाज के दौरान पिंटू ने जामताड़ा अस्पताल में अंतिम सांसे ली। दोनों के शव गांव आने का इंतजार है,लेकिन जो भी इस घटना को सुन रहे है उनकी आंखें नम हो जा रही है।वही परिवार में दो जवान बेटों की मौत से कोहराम मचा हुआ है।

 

पिंटू के पिता के अजयकांत खिरहर रिटायर्ड फौजी हैं, जबकि उदय के पिता नवल किशोर खिरहर खेती-किसानी करते हैं। 25 वर्षीय पिंटू राजस्थान जयपुर के एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। जबकि उदय गांव में ही रहकर कोचिंग चलाता था। दोनों ही अपने परिवार का इकलौता बेटा था और दोनों की ही तीन बहनें हैं।

पिछले दोनों ही चचेरे भाइयों की शादी तय हुई थी। पूरे परिवार के कुटुंबजन भी इस शादी में शरीक होने की तैयारी में जुटे थे। उनकी शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और कार्ड बांटकर दोनों अपनी बाइक से अपने गांव ताराजोर लौट रहे थे। लेकिन इसी बीच दोनों की सड़क हादसे में मौत हो गई।