महिला ने एक युवक को गोली मार दी,घायल युवक का इलाज चल रहा है,पुलिस आरोपी महिला की गिरफ्तारी में जुटी है

खूँटी।बिरसा स्टेडियम के पूरब-दक्षिण कोन पर स्थित जेल गेट पास एक महिला ने पोक्सो एक्ट के आरोपी विष्णुनाथ प्रमाणिक पर गोली चला दी। गोली विष्णु की बांह में लगी है। उसका इलाज स्थानीय सदर अस्पताल में चल रहा है। इस घटना के बाद शहर में पुलिस पूरी तरह चौकस हो गई है। गोली चलाने वाली महिला की तलाश पुलिस जोर-शोर से कर रही है।

बताया जाता है कि घायल युवक विष्णुनाथ प्रमाणिक मूल रूप से पश्चिम बंगाल के झालदा का निवासी है। वह पिछले कई वर्षों से खूंटी के हुटार में रहता है। विष्णु के खिलाफ वर्ष 2021 में खूंटी थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। विष्णु शादी का झांसा देकर 15 वर्ष की नाबालिग को भगाने का आरोपी है। कोर्ट में इस वाद का ट्रायल चल रहा है और विष्णु गवाही देने आया था। बताया जाता है कि सोमवार को पीड़िता की माँ से विष्णु की बहस हुई थी। कुछ देर बाद महिला ने जेल गेट के पास अपने झोले से पिस्तौल निकाली और वहां खड़े आरोपी विष्णु पर पीछे से गोली चला दी और फरार हो गई। गोली चलने की घटना से अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई।आरोपी महिला की तलाश में जुट गई है।

बता दें खूँटी शहर के बिरसा फुटबॉल स्टेडियम में राष्ट्रपति आगमन की तैयारी में सर्किट हाउस में डीसी एसपी समेत कई वरीय अधिकारी बैठक कर रहे थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 25 मई को बिरसा स्टेडियम में महिलाओं की सभा को संबोधित करेंगीं । वे कुछ महिलाओं ने मिलकर बातचीत भी करेंगीं।दूसरी ओर शहर में दिनदहाड़े महिला ने युवक को गोली मार दी।