कोलकाता की एक लड़की ने राँची में होटल की छत से लगाई छलांग,अस्पताल में भर्ती,होटल में जिस्मफरोशी का धंधा चलने की आशंका ! पुलिस छानबीन में जुटी है..

राँची। राजधानी राँची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित शुभम होटल की छत से एक युवती ने छलांग लगा दी।जमीन पर गिरने की वजह से युवती बुरी तरह से घायल हुई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।जहां उसकी स्थिति गम्भीर बनी हुई है। युवती की पहचान हो गई है। बताया जा रहा है कि वह कोलकाता के हावड़ा इलाके की रहने वाली है।मिली जानकारी के अनुसार रात के तकरीबन 1 बजे युवती अचानक होटल के छत से कूद गई।लड़की कूदी तो होटल के छत से थी लेकिन वह पास के एक दूसरे घर पर जा गिरी।कुछ देर में ही होटल के कुछ लोग दौड़े-दौड़े दूसरे घर की तरफ गए और गेट खुलवाने को लेकर आवाज देने लगे।जिसके बाद मकान मालिक ने गेट खोला और फिर युवती को आनन फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

20 वर्षीय पूजा (बदला हुआ नाम) शुभम होटल में कैसे पहुंची यह जांच का विषय है, पुलिस मामले की छानबीन जारी है।वहीं मामले की जानकारी मिलने के बाद हटिया डीएसपी राजा कुमार मित्रा खुद मामले की छानबीन करने करने पहुंचे थे। डीएसपी श्री मित्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।फिलहाल पूजा की स्थिति ऐसी नहीं है कि उसका बयान लिया जा सके। उसके होश में आने के बाद ही पुलिस की जांच की दिशा और बेहतर होगी।

इधर पुलिस के द्वारा होटल का सीसीटीवी फुटेज चेक किया गया है। जिस समय पूजा छत से कूदी उस दौरान होटल में आधा दर्जन से ज्यादा लड़कियां मौजूद थी। पूजा के छत से कूदते हुए का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिला है।पुलिस अब उन लड़कियों से पूछताछ की तैयारी कर रही है जो रात में होटल में मौजूद थी। सबसे हैरानी की बात तो यह है कि घायल युवती पूजा के पास कोई भी पहचान पत्र नहीं मिला है। सिर्फ इतना बताया जा रहा है कि वह बंगाल की रहने वाली है। आशंका यह भी जताई जा रही है कि होटल में जिस्मफरोशी का धंधा चल रहा था उसी दौरान यह हादसा हुआ है।अन्य लड़कियां भी बाहर की है।पुलिस होटल संचालक से पूछताछ कर सारी जानकारी जुटा रही है।