इश्क और नौकरी के लिए पति का कत्ल…प्रेमी संग पत्नी ने रची खूनी साजिश, 24 घंटे में खुला राज

 

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के गिद्दी में सीसीएल कर्मी मंगलेश पाल उर्फ हैप्पी हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जिस पत्नी ने खुद को लुटेरों द्वारा बंधक बनाए जाने की कहानी सुनाई, पुलिस जांच में उसी पर पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप सामने आया है। पुलिस के अनुसार, पत्नी सोनाली कुमारी ने अपने प्रेमी कौशिक कुमार और एक नाबालिग सहयोगी के साथ मिलकर पति की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इसके बाद पुलिस को गुमराह करने और साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई। हजारीबाग पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया है।

नौकरी और प्रेमी से शादी के लिए पति को रास्ते से हटाने की साजिश

पुलिस की जांच में इस हत्याकांड के पीछे चौंकाने वाली साजिश सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, सोनाली कुमारी अपने पति की सीसीएल नौकरी हासिल करने और अपने प्रेमी से शादी करने की मंशा रखती थी। इसी उद्देश्य से उसने कथित तौर पर अपने प्रेमी कौशिक कुमार, जो उसका ममेरा भाई भी बताया गया है, और एक नाबालिग सहयोगी के साथ मिलकर पति की हत्या की योजना बनाई।


पत्नी के हाथ-पैर बांधकर रची लूटपाट की झूठी कहानी
18 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 5:30 बजे ग्रामीणों ने गिद्दी थाना प्रभारी को सूचना दी कि गिद्दी ए मेन गेट स्थित सीसीएल कर्मी मंगलेश पाल उर्फ हैप्पी की घर में धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है। मृतक की पत्नी के हाथ-पैर और मुंह भी बंधे हुए थे। शुरुआती तौर पर मामला लूटपाट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा था।लेकिन पुलिस को घटनास्थल की परिस्थितियों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेह हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने जांच को भटकाने के लिए सोनाली के हाथ-पैर और मुंह बांध दिए थे, ताकि वारदात को लूटपाट का रूप दिया जा सके। सोनाली ने भी मनगढ़ंत कहानी सुनाकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया।

तकनीकी साक्ष्यों ने खोला राज, पत्नी से पूछताछ में हुआ खुलासा

मामले की गंभीरता को देखते हुए हजारीबाग पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर बड़कागांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई। एफएसएल, फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वॉड की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी सोनाली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। आरोप है कि मंगलेश पर धारदार हथियार से बेरहमी से वार कर उसकी हत्या की गई और बाद में खून साफ कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया।

दाउली, चाकू, खून लगा पोछा और जले मोबाइल बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई खून लगी दाउली और चाकू बरामद किए हैं। इसके अलावा खून लगा पोछा, दो मोबाइल फोन, मृतक और उसकी पत्नी के जले हुए मोबाइल के अवशेष तथा आरोपियों के खून लगे कपड़े और चप्पल भी जब्त किए गए हैं।पुलिस के मुताबिक, इन वस्तुओं को वारदात से जुड़े साक्ष्यों के तौर पर जब्त किया गया है। जांच में इनकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

पत्नी, प्रेमी गिरफ्तार; नाबालिग सहयोगी निरुद्ध
इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनाली कुमारी उर्फ नीतू (23 वर्ष), मृतक की पत्नी, और कौशिक कुमार नौनिया (23 वर्ष), उसके कथित प्रेमी, के रूप में हुई है। वारदात में शामिल बताए जा रहे एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है।

मृतक की बहन की शिकायत पर गिद्दी थाना कांड संख्या 35/2026, दिनांक 18 अक्टूबर 2026, के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 61(2), 238 और 3(5) में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

SIT की त्वरित कार्रवाई से 24 घंटे में खुला हत्याकांड
पूरे मामले के उद्भेदन में बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद, पुलिस निरीक्षक मो. शाहिद रजा, गिद्दी थाना प्रभारी इकबाल हुसैन, उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव समेत अन्य पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों की भूमिका रही।पुलिस अब मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों की जांच कर रही है। इस हत्याकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी है। जिस घर में लूटपाट की कहानी सामने आई थी, उसी मामले में पत्नी पर पति की हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप सामने आया है।

इधर,गिद्दी में पति हत्याकांड के आरोपी पत्नी सोनाली और उसके प्रेमी कौशिक कुमार को पुलिस ने पैदल परेड कराया। दोनों आरोपियों को पुलिस सुरक्षा के बीच ले जाया गया, जिसका दृश्य इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

error: Content is protected !!