राँची में दक्षिणी छोटानागपुर पुलिस स्पोर्ट्स मीट-2026 का आगाज, तीन दिनों तक खेलेंगे पुलिस के खिलाड़ी

राँची।दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के पुलिसकर्मियों के बीच खेल प्रतिभा और टीम भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित दक्षिणी छोटानागपुर पुलिस स्पोर्ट्स मीट-2026 का मंगलवार को रंगारंग शुभारंभ हुआ। अपर पुलिस महानिदेशक (दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र) मनोज कौशिक ने गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए एडीजी मनोज कौशिक ने कहा कि पुलिसकर्मी साल के 365 दिन और चौबीसों घंटे कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे चुनौतीपूर्ण माहौल में खेलकूद न केवल तनाव दूर करने का माध्यम है, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विभिन्न जिलों के पुलिस अधिकारियों और जवानों के बीच बेहतर समन्वय और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं, जिससे पूरे संगठन की कार्यक्षमता बढ़ती है।
तीन दिवसीय इस स्पोर्ट्स मीट में राँची, सिमडेगा, गुमला, खूंटी और लोहरदगा जिले के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता 21 से 23 जुलाई तक चलेगी, जिसमें एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, कराटे, जूडो, ताइक्वांडो, वुशु, भारोत्तोलन, साइक्लिंग, योग, जिम्नास्टिक्स, तीरंदाजी और कुश्ती समेत कई खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा।
पहले दिन दौड़ सहित विभिन्न एथलेटिक्स और अन्य खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। आगामी दो दिनों में भी तय कार्यक्रम के अनुसार सभी खेल स्पर्धाएं आयोजित होंगी। प्रतियोगिता का समापन 23 जुलाई को होगा, जहां विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राकेश सिंह, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के पुलिस उपाधीक्षक, अन्य पुलिस पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।

