राँची में नाबालिग के सीने में चाभी घोंपकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

राँची।राजधानी राँची में कांके ब्लॉक रोड मिल्लत कॉलोनी मोड़ पर शुक्रवार की रात साढ़े आठ बजे मोबाइल और पैसे के लेनदेन के मामूली विवाद में नाबालिग अरबाज अंसारी 15 वर्ष की हत्या कर दी गई थी।घटना के बाद पुलिस ने मात्र 6 घंटे के अंदर शुक्रवार की रात दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी में अमन अंसारी और आकिब जाबेद उर्फ मिंटू मिल्लत कॉलोनी निवासी शामिल हैं। इस संबंध में अरबाज के दुकान मालिक रियाज उर्फ राजू मिल्लत कॉलोनी निवासी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। कांके थाना इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने बताया कि अरबाज की हत्या अमन ने छाती में चाबी घोंपकर कर दी थी। चाबी छाती में घुसने के बाद अरबाज घटनास्थल पर गिर गया था, उसे तत्काल कांके जेनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। डॉ शंभू प्रसाद सिंह ने बताया कि मृतक का हाट पंचर हो गया था। अरबाज कांके वेटनरी रोड स्थित रियाज की टायर पंचर दुकान में काम करता था और रियाज के घर पर ही रहता था।

रात में पुलिस ने दोनों को धर दबोचा था

नाबालिग की हत्या को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने अमन अंसारी को सुकुरहुटू रिंग रोड से और आकिब जाबेद उर्फ मिंटू को कांके स्थित उसके घर से शुक्रवार की रात में ही गिरफ्तार कर लिया था। दोनों आरोपी पुलिस हाजत में बंद हैं,आज कोविड टेस्ट कराया गया है रविवार को जेल भेजा जाएगा। घटना का खुलासा करनेवालों में इंस्पेक्टर नीरज कुमार एसआई रामेश्वर बारी, अभिजीत रंजन, नीतीश कुमार, रिशु सिन्हा और जवान शामिल थे।