गिरिडीह के स्पंज आयरन फैक्ट्री में दर्दनाक हादसा: हाईवा से कुचलकर मजदूर की मौत, बोरे में शव बंद कर भागने का आरोप, परिजनों का फूटा गुस्सा…

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चतरो स्थित वेंकटेश्वर स्पंज आयरन फैक्ट्री में बीती रात इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। फैक्ट्री में पिछले 20 सालों से अपनी सेवा दे रहे 52 वर्षीय बुजुर्ग मजदूर राजकिशोर सिन्हा (निवासी- कुटिया मंदिर क्वार्टर) को फैक्ट्री के ही एक अनियंत्रित हाईवा ने बेरहमी से कुचल दिया। हादसे में राजकिशोर सिन्हा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

​घटना के बाद फैक्ट्री प्रबंधन पर जो आरोप लगे हैं, उसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। परिजनों का गंभीर आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद प्रबंधन ने मामले को दबाने और अपनी लापरवाही छिपाने के लिए खौफनाक हथकंडा अपनाया। आरोप के मुताबिक, मृतक के परिजनों को बिना कोई सूचना दिए शव को आनन-फानन में एक बोरे में पैक किया गया और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवा दिया गया। हद तो तब हो गई जब अस्पताल में भी फैक्ट्री का कोई जिम्मेदार अधिकारी या प्रतिनिधि खड़ा नहीं हुआ।

​जैसे ही इस बात की भनक परिजनों को लगी, उनके सब्र का बांध टूट गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे इसे महज एक हादसा नहीं, बल्कि प्रबंधन की लापरवाही और साजिश के तहत की गई हत्या करार दे रहे हैं। घटना के बाद से ही फैक्ट्री परिसर और आसपास के इलाके में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल है।

​मामले की जानकारी मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभाला और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। फैक्ट्री प्रबंधन से गहन पूछताछ की जाएगी और इस लापरवाही या शव छिपाने की साजिश में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना को लेकर फैक्ट्री से जुड़े सर्वेश सिंह का कहना है कि उनके फैक्ट्री में कार्यरत पुराने कर्मी राजकिशोर सिन्हा की मौत हादसे में हो गई।फैक्ट्री प्रबंधन मृतक के परिजनों के साथ है और उचित मुआवाज दिलवाया जाएगा।हालांकि जब सर्वेश से फैक्ट्री के अंदर रौशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं रहने का सवाल पूछा गया तो इस पर उन्होंने कहा कि यह सवाल मृतक के परिजनों ने नहीं उठाया है। यह कुछ बाहरी लोग पूछ रहे हैं।

“फैक्ट्री में कार्यरत एक कर्मी की मौत भारी मालवाहक की चपेट में आने से हो गई है। मृतक के शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।आगे परिजन के आवेदन पर कार्रवाई होगी”:- श्याम किशोर महतो, थाना प्रभारी, मुफ्फसिल

error: Content is protected !!