संपत्ति की हवस में रिश्तों का कत्ल: करोड़ों की जमीन के लिए अपाहिज भांजी की दुष्कर्म के बाद हत्या, भिक्षाटन करने वाली मां ने भाइयों पर जड़े गंभीर आरोप

सरायकेला।जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के आनंदपुर में इंसानियत को तार-तार कर देने वाला एक खौफनाक मामला सामने आया है। करोड़ों रुपये की पुश्तैनी जमीन के लालच में सगे भाइयों ने अपनी ही 29 वर्षीय दिव्यांग (अपाहिज) भांजी के साथ हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए दुष्कर्म किया और फिर उसकी निर्मम हत्या कर दी। भीख मांगकर अपना और अपनी बेबस बेटी का पेट पालने वाली अभागी माँ जब न्याय की आस में आदित्यपुर थाने पहुंची, तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पीड़ित मां दीपाली दास ने रो-रोकर पुलिस के सामने जो आपबीती सुनाई, वह किसी के भी रोंगटे खड़े कर देने के लिए काफी है। दीपाली का आरोप है कि आनंदपुर स्थित करोड़ों की बेशकीमती पुश्तैनी जमीन पर उनके भाइयों की नीयत खराब थी। वे पूरी संपत्ति अकेले हड़पना चाहते थे और रास्ते के कांटे को हटाने के लिए उन्होंने इस सुनियोजित और जघन्य वारदात को अंजाम दिया। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि इस खौफनाक साजिश में पीड़ित महिला की अपनी मां और गांव के कुछ प्रभावशाली लोग भी आरोपियों का खुलकर बचाव कर रहे हैं।
ज़मीन के इस खूनी खेल की पटकथा काफी पुरानी है। दीपाली को संपत्ति के हक से पूरी तरह बेदखल करने के लिए आरोपी भाई उसे काफी समय से प्रताड़ित कर रहे थे। हद तो तब हो गई जब उसे मानसिक रूप से विक्षिप्त (पागल) साबित करने की साजिश रची जाने लगी। भाइयों की प्रताड़ना और खौफ के कारण ही बेबस दीपाली को अपना घर छोड़कर सड़कों पर भिक्षावृत्ति करने के लिए मजबूर होना पड़ा था। लेकिन उसे क्या पता था कि जिस बेटी की हिफाजत के लिए वह दर-दर भटक रही थी, उसी की सांसें उसके अपने ही छीन लेंगे।
मामले की संवेदनशीलता और संगीन आरोपों को देखते हुए आदित्यपुर पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई है। थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम मंगलवार सुबह आनंदपुर गांव और घटनास्थल का जायजा लेने पहुंची।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की लिखित शिकायत के आधार पर मामले की गहनता से तफ्तीश शुरू कर दी गई है। पुराने ज़मीनी विवाद के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं और युवती की संदिग्ध मौत के हर पहलू की वैज्ञानिक जांच की जा रही है। ग्रामीणों के बयान और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

