#RANCHI:दहेज के लिए चढ़ी एक और विवाहिता,बहन की मौत के बाद भाई ने दर्ज कराई थी दहेज हत्या की प्राथमिकी, चुटिया पुलिस ने बीरभूम से फरार पति और ससुर को किया गिरफ्तार..

राँची। दहेज के लिए पति और ससुर से प्रताड़ित होकर एक विवाहिता राँची में 8 जुलाई को फंदे से लटककर मर गई थी। जिसके बाद उसका पति और ससुर फरार हो गए थे। विवाहिता के भाई ने चुटिया थाने में दहेज के लिए हत्या करने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बुधवार को विवाहिता के फरार पति संतोष गुप्ता और उसके ससुर नारायण गुप्ता को चुटिया पुलिस ने बंगाल के बीरभूम से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार संतोष और नारायण की कोरोना जांच कराई गई जिसमें संतोष गुप्ता कोरोना पॉजिटिव निकला। जिसे चुटिया पुलिस ने आइसोलेशन सेंटर में भर्ती कराया है वही गिरफ्तार नारायण गुप्ता को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

8 जुलाई को विवाहिता खुशबू का पंखे से लटकता हुआ मिला था शव

8 जुलाई को विवाहिता खुशबू गुप्ता का फंदे से लटकता हुआ शव चुटिया थाना क्षेत्र स्थित स्क्वायर टावर के फ्लैट नंबर 102 में मिला था। जिसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी थी कि एक विवाहिता का शव फंदे से लटका हुआ कमरे में पड़ा हुआ है। सूचना पाकर जब चुटिया थाना की पुलिस वहां पहुंची थी तब विवाहिता के अलावा वहां कोई नहीं था। उसका पति संतोष गुप्ता फरार हो गया था। इसके बाद चुटिया पुलिस ने विवाहिता खुशबू गुप्ता के मायके वालों को सूचना देकर गुमला से बुलाया था। गुमला से आने के बाद खुशबू के भाई दीपक कुमार गुप्ता ने चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी और बताया था कि उसकी बहन को संतोष गुप्ता और उसके ससुर ने दहेज के लिए मारकर लटका दिया है।

छिपते फिर रहे थे बाप – बेटे, बहन को इंसाफ दिलाने के लिए भाई ने किया दिन रात एक कराया गिरफ्तार

खुशबू की मौत के बाद उसका पति संतोष गुप्ता और ससुर नारायण गुप्ता पुलिस से छिपते फिर रहे थे। मृतक खुशबू के भाई दीपक गुप्ता ने बताया कि वह अपनी बहन को इंसाफ दिलाने के लिए रात दिन एक कर उनकी तलाश में था और पुलिस को उनके बारे में सूचना दे रहा था। दीपक की मदद से ही चुटिया पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया।