प्रतिबिंब ऐप बना साइबर अपराधियों के लिए काल,साइबर अपराधियों की हो रही है रियल टाइम लोकेशन ट्रेस, 20 दिन में करीब ढाई सौ अपराधी गिरफ्तार….

–राँची में सबसे अधिक साइबर अपराध, जनवरी से अबतक सिर्फ राज्य में 685 मामले हुए दर्ज इनमें राँची के 202 से अधिक

राँची।साइबर अपराध पर लगाम लगाने के लिए अपराध अनुसंधान विभाग,राँची झारखण्ड (सीआईडी) की ओर से शुरू किया गया प्रतिबिंब एप अब अपराधियों के लिए शामत ले आया है। इस एप के माध्यम से साइबर ठगी करने वाले गिरोह की रियल टाइम लोकेशन को अब ट्रेस कर लगातार अपराधियों की गिरफ्तारी की जा रही है। सीआईडी के डीजी अनुराग गुप्ता ने बताया कि 7 से 27 नवंबर के बीच देवघर,गिरिडीह,जामताड़ा सहित अन्य जिले में प्रतिबिंब एप की सहायता से 200 से अधिक अपराधियों को जियोग्राफी लोकेशन के आधार में पकड़ा गया है। उनके पास से साइबर अपराध में प्रयुक्त कई मोबाइल हैंडसेट, कंप्यूटर, फर्जी सिम कार्ड ,एटीएम कार्ड, पासबुक भी बरामद किए गए है। पिछले दिनों प्रतिबिंब ऐप’ का साइबर क्राइम कंट्रोल के लिए राँची में झारखण्ड सहित देश के छह राज्यों की पुलिस के लिए वर्कशॉप का आयोजन राँची में किया गया था। वर्कशॉप में पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखण्ड, बिहार और यूपी के पुलिस अधिकारियों के साथ ईडी, सीबीआई, डीओटी, डीआईबी और आरबीआई के अधिकारी भी इसमें शामिल हुए थे।

रोजना देश में ढाई से तीन हजार साइबर अपराधी रहते है सक्रिय

वर्तमान में देश के विभिन्न राज्यों में रोजाना ढाई हजार से तीन हजार साइबर अपराधी सक्रिय रहते हैं। सीआईडी की ओर से जारी प्रतिबिंब एप के माध्यम से दूसरे राज्यों की पुलिस को भी साइबर अपराधियों को ट्रैक करने की सुविधा प्रदान की जा रही है। भारत सरकार गृह मंत्रालय के अधीन काम करने वाली इंडियन साइबर क्राइम को-ऑर्डिनेशन सेंटर ने देश के विभिन्न राज्यों में साइबर अपराध में प्रयुक्त मोबाइल नंबर को हासिल कर एप के जरिए साइबर अपराधियों को ट्रैक करने के लिए ट्रायल के रूप में सीआईडी को एप उपलब्ध कराया था। जो लांच होने के बाद अब काफी कारगर साबित हो रहा है।

राँची में सबसे अधिक साइबर अपराध, पांच साल में 50 करोड़ से अधिक की ठगी

साइबर अपराध राँची में सबसे अधिक हो रहा है। सीआईडी के अनुसार पिछले पांच वर्षों में झारखण्ड में साइबर अपराध के 5,350 मामले सामने आए हैं, इनमें 1432 सिर्फ राँची में ही दर्ज हुए हैं। इस वर्ष सितंबर तक राज्य में साइबर अपराध के 685 मामले राज्य भर में दर्ज हुए है। इसमें 202 मामले सिर्फ राँची के है।राँची में पिछले पांच साल में साइबर अपराधियों ने आम लोगो से 50 करोड़ रुपए से अधिक की साइबर ठगी की है। साइबर अपराधी झारखण्ड पुलिस के लिए चुनौती बने हुए है। क्योंकि कुछ मामलों में अपराधी तो पकड़े जा रहे है लेकिन ठगी के पैसे रिकवर नहीं हो पा रहे है।

पिछले पांच साल में प्रमुख जिलों में साइबर अपराध

जिला 2019 2020 2021 2022 2023

*राँची 478 286 211 255 202
*धनबाद 143 77 74 54 58
*जमशेदपुर 78 64 70 114 58
*जामताड़ा 68 74 76 78 49
*दुमका 13 36 33 24 11