Jharkhand Assembly Special Session: विपक्ष के विरोध के बाद सदन में सरना धर्म कोड के प्रस्‍ताव पर चर्चा।

राँची।झारखण्ड विधानसभा का विशेष सत्र आरंभ हो गया है। इस विशेष सत्र को सदन में आदिवासी सरना धर्मकोड का प्रस्ताव पारित करने के लिए बुलाया गया है। विधानसभा के विशेष सत्र की कार्यवाही शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जनगणना में सरना धर्म कोड लागू करने का सदन में प्रस्ताव रखा है। उन्‍होंने कहा कि इसके दूरगामी और अच्छे परिणाम सामने आएंगे।मुख्‍यमंत्री ने कहा कि आदिवासियों का सही आबादी का आकलन हो सकेगा। आदिवासियों को कई संवैधानिक अधिकार और केंद्रीय लाभ मिल पाएंगे। दूसरी ओर, जनगणना में सरना धर्म कोड लागू करने के लिए केंद्र को प्रस्ताव भेजने पर सदन में चर्चा नहीं होने पर विपक्ष ने विरोध किया है। चर्चा के बिना प्रस्ताव पारित कराने के प्रयास का भाजपा विधायक सीपी सिंह औऱ नीलकंठ सिंह ने विरोध किया। इसके बाद सरकार अब चर्चा कराने के लिए तैयार है।

भाजपा विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने सदन में चर्चा के दौरान कहा कि भाजपा सरना धर्म कोड के समर्थन में है, लेकिन उन्होंने कैबिनेट से पारित संकल्प के अंतिम पैराग्राफ पर सवाल उठाया। इसमें आदिवासी/सरना धर्म कोड का उल्लेख किया गया है। उन्होंने कहा कि राजनीति के तहत ऐसा किया गया है। उन्होंने 1961 की जनगणना में सरना धर्म कोड को हटाने को लेकर कांग्रेस को घेरने का प्रयास किया। कहा कि उस समय कांग्रेस की सरकार ने ही जनगणना से सरना धर्म कोड को अलग किया था।

कांग्रेस विधायक बंधु तिर्की ने भी आदिवासी/सरना धर्म कोड से आदिवासी शब्द हटाने की मांग सदन में की। कहा कि सरना धर्म कोड की ही अनुशंसा केंद्र को भेजी जाए। इससे पहले पंचम झारखण्ड विधानसभा के चतुर्थ (विशेष) सत्र में भाग लेने से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रबिन्द्र नाथ महतो से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुलाकात की।

राँची नगर निगम ने विधानसभा भवन को किया सैनिटाइज

विधानसभा के सत्र को लेकर राँची नगर निगम ने विधानसभा को सैनिटाइज किया है। आज सुबह-सुबह नगर निगम की टीम उप नगर आयुक्त शंकर यादव के नेतृत्व में विधानसभा पहुंची और विधानसभा को सैनिटाइज करने का काम शुरू किया। विधानसभा के सभी हाॅल, कमरों, गैलरी आदि को सैनिटाइज किया गया। एक-एक कोने को सैनिटाइज किया गया। उप नगर आयुक्त शंकर यादव ने बताया कि विधानसभा को सैनिटाइज करने का काम सत्र चालू रहने तक लगातार चलता रहेगा।