लोहरदगा में ब्राउन शुगर के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, 35 लाख की खेप के साथ 8 तस्कर दबोचे; राँची से कुड़ू पहुंच रही थी नशे की खेप, कार-बाइक और 8 मोबाइल जब्त
लोहरदगा।नशे के कारोबार के खिलाफ लोहरदगा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी के एक नेटवर्क को निशाने पर लिया है। कुड़ू में पुलिस की अलग-अलग छापेमारी में आठ कथित तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से करीब 100 ग्राम हाई ग्रेड ब्राउन शुगर बरामद हुई है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 35 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक कार, दो बाइक, आठ मोबाइल फोन और नकद राशि भी जब्त की है।
पुलिस को इस पूरे नेटवर्क की भनक तब लगी, जब एसपी सादिक अनवर रिजवी को सूचना मिली कि राँची से ब्राउन शुगर की बड़ी खेप लेकर तीन लोग काले रंग की कार से कुड़ू पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही एसपी ने थाना प्रभारी नीरज झा को कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद एसडीपीओ श्रद्धा केरकेट्टा, इंस्पेक्टर चंद्रशेखर आजाद और थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई।
टीम ने राँची की ओर से आ रही संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान कार की डिक्की में छिपाकर रखी गई करीब 100 ग्राम हाई ग्रेड ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने पकड़े गए लोगों से पूछताछ शुरू की तो तस्करी के नेटवर्क की परतें खुलने लगीं।
प्रारंभिक पूछताछ में जानकारी मिली कि ब्राउन शुगर की खेप कुड़ू के रास्ते दूसरे तस्करों तक पहुंचाई जानी थी। इसके बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर अलग-अलग टीमें लगाकर छापेमारी शुरू की। चंदवा रोड पर बाइक से खेप लेने कुड़ू आ रहे दो लोगों को पकड़ा गया। उनकी निशानदेही पर देर रात तीन अन्य युवकों को भी एक बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लोगों में कथित मुख्य सरगना के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 100 ग्राम ब्राउन शुगर, आठ मोबाइल फोन, दो बाइक, एक कार और नकद राशि बरामद की गई है। जब्त ब्राउन शुगर की कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई जा रही है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क के तार कहां-कहां जुड़े हैं और नशे की खेप किसके जरिए कहां पहुंचाई जानी थी।पुलिस की ओर से मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाना बाकी है।

