झारखण्ड पुलिस:आईजी-एडीजी के आदेश बगैर डीआईजी ने कर दिया था तबादला,आईजी ने आदेश को किया रद्द

राँची।जैप के एडीजी व आईजी के अनुमोदन के बगैर डीआईजी ने कर्मियों का तबादला कर दिया था। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद जैप के प्रभारी आईजी प्रभात कुमार ने सारे तबादले तत्काल प्रभाव से रद्द करने का आदेश जारी किया है। जानकारी के मुताबिक, आईआरबी 9 के जलवाहक धर्मजीवन कुमार, लिपिक सुरेंद्र मुंडा को आईआरबी 5 से जैप कार्यालय में प्रतिनियुक्त किया गया था। इसके बाद जैप 3 से सुधीर कुमार महतो, जैप 9 से महेंद्र चंद्रा, जैप 5 से इनायत अंसारी और जैप छह से राहुल कुमार को भी 19 मई को जैप डीआईजी कार्यायल में पदस्थापित किया गया था। आईजी प्रभात कुमार ने अपने आदेश में कहा है कि बगैर एडीजी व आईजी के आदेश के कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। ऐसे में इस आदेश को तत्काल प्रभाव से रद्द किया गया।