खून के रिश्ते में ममता बाकी है तो आगे आएं, वैध पहचान के साथ इन पतों पर संपर्क कर बेटी को गले लगाएं
–जिला बाल संरक्षण इकाई व सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने जारी की सार्वजनिक सूचना; करुणा एनएमओ में आवासित नवजात के माता-पिता को सामने आने की अपील
राँची।दुनिया में कदम रखे अभी ठीक से एक महीना भी नहीं बीता, न इस दुनिया की समझ है, न रिश्तों की पहचान।जिस उम्र में मासूम बच्चे मां के आंचल की खुशबू पहचानते हैं और पिता की उंगली थामकर पहली बार मुस्कुराते हैं, उस उम्र में यह नन्ही जान सरकारी फाइलों और कागजों में अपनी पहचान तलाश रही है।राँची समाहरणालय स्थित सामाजिक सुरक्षा कोषांग और जिला बाल संरक्षण इकाई ने एक माह की इस बेबस और लावारिस नवजात के जैविक माता-पिता की तलाश के लिए दिल को छू लेने वाली सार्वजनिक सूचना जारी की है।
प्रशासन ने इस गोरी, मासूम सी बच्ची को एक काल्पनिक नाम दिया है—’निधि’. कड़वी हकीकत यह है कि ‘निधि’ के पास न तो अपनी मां का नाम है, न पिता की पहचान और न ही कोई अपना घर। बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी),राँची के निर्देश पर फिलहाल उसे सुरक्षित रखने के लिए ‘करुणा एन.एम.ओ.’ शेल्टर होम में पनाह दी गई है। अनजान चेहरों के बीच आया और केयरगिवर्स की गोद में यह नन्ही आंखें शायद अब भी उसी मां की आहट ढूंढती हैं, जो उसे इस बेरहम दुनिया में अकेला छोड़ गई।
सिर्फ 60 दिन हैं अपनों के पास, फिर हमेशा के लिए टूट जाएगा खून का रिश्ता
जिला बाल संरक्षण इकाई और सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने नियमानुसार स्थानीय और राज्य स्तरीय स्तर पर सूचना जारी कर उन माता-पिता के जमीर को आवाज दी है, जिन्होंने मजबूरी या लाचारी में इस फूल सी बच्ची से मुंह मोड़ लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सूचना जारी होने के 60 दिनों (दो माह) के भीतर यदि इस बच्ची के असली माता-पिता या कोई कानूनी अभिभावक सामने नहीं आते हैं, तो विधिक प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।दत्तक ग्रहण मार्गदर्शिका 2017 के नियमों के तहत बाल कल्याण समिति इस बच्ची को कानूनी रूप से मुक्त घोषित कर देगी। इसके बाद ‘निधि’ को किसी ऐसे परिवार की गोद में सौंप दिया जाएगा, जो इसे अपना नाम और सच्चा दुलार दे सके।
अगर खून के रिश्ते में जरा भी ममता बाकी है, तो परिजन पहचान के वैध साक्ष्यों के साथ इन पतों पर संपर्क कर अपनी बेटी को सीने से लगा सकते हैं.
-बाल कल्याण समिति : समाहरणालय भवन, ब्लॉक-बी, कमरा संख्या-110, राँची।
-जिला बाल संरक्षण इकाई: समाहरणालय भवन, ब्लॉक-बी, कमरा संख्या-111, राँची।
– संपर्क सूत्र: 0651-3505516

