जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा गड़बड़ी मामला: फरार शिक्षक संतोष सिंह के घर CID ने चिपकाया इश्तेहार, गिरफ्तारी के लिए कई बार छापेमारी
पलामू। झारखण्ड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के मामले में सीआईडी ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले के आरोपी शिक्षक संतोष कुमार सिंह की गिरफ्तारी नहीं होने पर सीआईडी और पलामू पुलिस की टीम ने उसके घर पर इश्तेहार चिपकाया है। आरोपी लगातार फरार चल रहा है। इससे पहले उसकी तलाश में तीन से अधिक बार छापेमारी की जा चुकी है, लेकिन पुलिस को सफलता नहीं मिली।
मेदिनीनगर के हमीदगंज में हुई कार्रवाई
संतोष कुमार सिंह मूल रूप से पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र का रहने वाला है। फिलहाल वह मेदिनीनगर के हमीदगंज स्थित बीएन कॉलेज इलाके में रह रहा था। सीआईडी की टीम ने सबसे पहले 3 अगस्त को उसके घर पर छापेमारी की थी। इसके बाद 12 अगस्त को दोबारा तलाशी ली गई। गिरफ्तारी के लिए सीआईडी और पलामू पुलिस की टीम लगातार प्रयास करती रही, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आया।
घर से मिले थे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और दस्तावेज
जांच के दौरान संतोष कुमार सिंह के घर से कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और जेएसएससी सीजीएल परीक्षा से जुड़े दस्तावेज बरामद होने की बात सामने आई थी। जांच एजेंसी इन सामग्रियों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सीआईडी ने एक बार फिर पलामू पहुंचकर जिला पुलिस के सहयोग से उसके घर पर इश्तेहार चिपकाया।
फरार आरोपी की तलाश जारी
मेदिनीनगर टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने इश्तेहार चिपकाए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सीआईडी की टीम ने आरोपी के घर पर इश्तेहार चिपकाया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। अब जांच एजेंसी की कोशिश फरार शिक्षक को गिरफ्तार कर मामले की जांच आगे बढ़ाने की है।

