शादी का झांसा, जबरन गर्भपात और 3 लाख की ठगी के आरोप में प्रेमी गिरफ्तार, बोकारो से पकड़ा गया आरोपी जेल भेजा गया

राँची। राजधानी राँची में शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण करने, जबरन गर्भपात कराने और लाखों रुपये ठगने के गंभीर आरोप में पुलिस ने आरोपी सुमंत कुमार महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। चुटिया पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार देर रात बोकारो स्थित उसके घर पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

इस मामले में चुटिया थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पूनम कुजूर ने थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर बीते 4 सितंबर को आरोपी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद से ही पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। छापेमारी टीम में थाना प्रभारी पूनम कुजूर, सब इंस्पेक्टर भवेश कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

होटल में सिंदूर डालकर शादी का दिया भरोसा
पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, पीड़िता एक निजी होटल में काम करती है। करीब तीन साल पहले महावीर मणिपाल मेडिका हॉस्पिटल के फूड एंड बेवरेज विभाग में काम करने के दौरान उसकी मुलाकात बोकारो के जरीडीह, टीचर कॉलोनी निवासी सुमंत कुमार महतो से हुई थी। आरोप है कि युवक ने खुद को रातू रोड की एक निजी कंपनी का कर्मचारी बताकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं और शादी करने का भरोसा दिया।

पीड़िता का आरोप है कि 5 जून 2025 को आरोपी उसे शादी की बात करने के बहाने स्टेशन रोड स्थित एक होटल में ले गया। वहां विरोध करने पर उसकी मांग में सिंदूर डालकर शादी कर लेने की बात कही और इसके बाद उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। आरोपी ने बाद में सामाजिक रीति-रिवाज से बारात लाकर शादी करने का भरोसा भी दिया था।

गर्भवती होने पर गर्भपात की गोलियां खिलाने का आरोप
पीड़िता के मुताबिक, कुछ महीने बाद गर्भवती होने की जानकारी देने पर आरोपी ने उसे रातू रोड स्थित एक अन्य होटल में बुलाया। आरोप है कि वहां उसे जबरन गर्भपात की गोलियां खिलाई गईं, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और गर्भपात हो गया। इसके बाद आरोपी ने माता-पिता से मिलाने का बहाना बनाकर उसे बोकारो के जैनामोड़ स्थित एक होटल में भी बुलाया, जहां फिर से शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है।

शादी के नाम पर 3 लाख रुपये लेने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने शादी में खर्च का हवाला देकर ऑनलाइन और नकद माध्यम से उससे करीब 3 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद वह अतिरिक्त साढ़े तीन लाख रुपये देने का दबाव बनाने लगा। बाद में पीड़िता को आरोपी के किसी अन्य युवती से संबंध होने की जानकारी मिली। जब उसने इसका विरोध किया, तो आरोपी कथित तौर पर उससे दूरी बनाने लगा।
पीड़िता के अनुसार, जब वह न्याय की गुहार लेकर आरोपी के बोकारो स्थित घर पहुंची, तो उसके माता-पिता और बहन ने कथित तौर पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया और वहां से भगा दिया।
फिलहाल, आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

error: Content is protected !!