राँची में अपराधियों का तांडव: कांके में कृषि विभाग के पदाधिकारी के घर में डकैती, हथियारों से लैस अपराधियों ने मचाया उत्पात…
राँची। राजधानी राँची के कांके थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक के बाद एक दो बड़ी वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दी है। रविवार की रात कांके इलाके में पेट्रोल पंप के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना के बाद अब रिंग रोड स्थित एक तीन मंजिला मकान में हथियारों से लैस करीब पांच अपराधियों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया है। अपराधी घर से कीमती गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। लगातार हुई इन घटनाओं ने राजधानी में अपराध नियंत्रण और पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कृषि विभाग के पदाधिकारी के घर में घुसे पांच हथियारबंद अपराधी
मिली जानकारी के अनुसार, कांके थाना क्षेत्र के रिंग रोड इलाके में स्थित तीन मंजिला मकान कृषि विभाग में कार्यरत रामाशंकर प्रसाद का है। अगले सुबह हथियारों से लैस पांच अपराधी कथित तौर पर कार से वहां पहुंचे। इसके बाद सभी जबरन मकान में दाखिल हो गए और घर में रखे कीमती गहने तथा नकदी लूटकर फरार हो गए। अपराधियों ने जिस तरह वारदात को अंजाम दिया, उससे इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि, लूटे गए सामान की कुल कीमत पूरी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, डॉग स्क्वॉयड और टेक्निकल सेल जांच में जुटे
घटना की जानकारी मिलते ही कांके थाना पुलिस सक्रिय हुई। मौके पर पुलिस के साथ टेक्निकल सेल और डॉग स्क्वॉयड की टीम भी पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस घर के सदस्यों से पूछताछ कर रही है। अपराधियों के आने-जाने के रास्ते, इस्तेमाल की गई कार और घटनास्थल से मिलने वाले संभावित सुरागों के आधार पर जांच की जा रही है। हालांकि, फिलहाल अपराधियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है।
पेट्रोल पंप पर चार राउंड फायरिंग के बाद दूसरी बड़ी वारदात
कांके थाना क्षेत्र में अपराधियों की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रविवार की रात ही रिंग रोड इलाके में एक पेट्रोल पंप के बाहर चार राउंड फायरिंग की घटना सामने आई थी। पुलिस अभी इस गोलीकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी थी कि इसी थाना क्षेत्र में एक मकान में डकैती की घटना हो गई। लगातार हुई इन वारदातों से स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। अपराधियों के बेखौफ अंदाज ने पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है।
एसएसपी की चार घंटे की बैठक के बीच अपराधियों ने दी चुनौती
सबसे गंभीर सवाल पुलिस की सुरक्षा तैयारियों को लेकर उठ रहा है। सोमवार देर शाम वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए पुलिस पदाधिकारियों तथा जिले के सभी थानेदारों के साथ करीब चार घंटे तक मैराथन बैठक की थी। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंथन हुआ, लेकिन इसी दौरान जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी आपराधिक घटनाएं सामने आने से पुलिस की रणनीति पर सवाल उठने लगे हैं।
अब पुलिस के सामने अपराधियों तक पहुंचने की चुनौती
राजधानी में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच अब पुलिस के सामने अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की चुनौती है। बुढ़मू में गोलाबारी और आगजनी, कांके के पेट्रोल पंप फायरिंग मामले और कृषि विभाग के कर्मी के घर हुई डकैती के बीच किसी तरह का संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस तीनों घटनाओं की जांच में जुटी है।

