दुमका में नौवीं की छात्रा से दुष्कर्म के बाद हत्या, 500 लोगों से पूछताछ के बाद खुला राज; चार बच्चों का पिता गिरफ्तार
दुमका।झारखण्ड के दुमका में नौवीं कक्षा की छात्रा के साथ दुष्कर्म के बाद बेरहमी से हत्या की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। स्कूल से लौटने के बाद मवेशी लाने गई छात्रा का शव गांव से करीब 500 मीटर दूर चेक डैम के पास झाड़ियों में अर्धनग्न अवस्था में मिला था। इस जघन्य अपराध के आरोप में पुलिस ने 35 वर्षीय शिशु टुडू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी चार बच्चों का पिता है।
मवेशी घर लौटे, लेकिन नहीं लौटी बेटी
घटना 9 अक्टूबर 2026 की है। काठीकुंड थाना क्षेत्र की नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा स्कूल से घर लौटने के बाद गांव के पास मैदान में मवेशियों को लाने गई थी। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटी और सभी मवेशी खुद वापस आ गए, तो उसकी मां खोजने निकली। मैदान में बेटी की चप्पल और मवेशियों को बांधने वाली रस्सी पड़ी मिली। इसके बाद अनहोनी की आशंका गहरा गई। पुलिस और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की तो गांव से करीब 500 मीटर दूर चेक डैम के पास पुटुस की झाड़ियों से छात्रा का शव बरामद हुआ।
500 लोगों से पूछताछ, चेहरे के जख्मों ने बढ़ाया शक
नाबालिग की हत्या और दुष्कर्म की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। जांच में डॉग स्क्वॉड, फिंगरप्रिंट टीम, एफएसएल और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली गई। पुलिस ने जीतपुर, भंडारा, पिपरा समेत आसपास के गांवों में छानबीन की और करीब 500 लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान रासी टोला पिपरा निवासी शिशु टुडू के चेहरे पर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस का शक उस पर गहराया।
पूछताछ में सामने आई वारदात की कहानी
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस का दावा है कि आरोपी की नजर लंबे समय से छात्रा पर थी। घटना के दिन छात्रा को अकेला पाकर उसने कथित तौर पर दुष्कर्म किया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को झाड़ियों में फेंक दिया, ताकि अपराध छिपाया जा सके।
आरोपी के कपड़े बरामद, जेल भेजा गया
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कथित तौर पर घटना के समय पहना गया भूरे रंग का चेकदार गमछा, नीले रंग का जांघिया और हरे-सफेद रंग की चेकदार टी-शर्ट बरामद की है। इस मामले में 10 अक्टूबर को काठीकुंड थाना कांड संख्या 35/2026 दर्ज किया गया था। पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1), 238, 3(5), 70(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत जांच की। दुमका के एसपी पीतांबर सिंह खरवार ने प्रेस वार्ता में मामले के खुलासे की जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

