गिरिडीह में 20 हजार की कथित डील ने दो पुलिसकर्मियों की वर्दी पर लगाया दाग…बालू लदा ट्रैक्टर छोड़ने के आरोप में एसआई और सिपाही सस्पेंड

गिरिडीह। अवैध बालू के कारोबार में कथित मिलीभगत पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गई। अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को पकड़ने के बाद थाना ले जाने के बजाय रास्ते में ही 20 हजार रुपये लेकर छोड़ने के गंभीर आरोप में गिरिडीह एसपी ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर बेंगाबाद थाना में पदस्थापित एसआई रंधीर कुमार सिंह और आरक्षी अजीत कुमार को निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

20 हजार रुपये लेकर ट्रैक्टर छोड़ने का आरोप
पूरा मामला बेंगाबाद थाना क्षेत्र का है। बरियारपुर गांव निवासी मो. सिद्धीक अंसारी ने एसपी को लिखित आवेदन देकर दोनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायत की थी। शिकायत के मुताबिक, एसआई रंधीर कुमार सिंह और आरक्षी अजीत कुमार ने अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को पकड़ा था। आरोप है कि ट्रैक्टर को थाना ले जाने के बजाय रास्ते में ही 20 हजार रुपये लेकर छोड़ दिया गया।

सरकारी जमीन पर कब्जे का भी आरोप
मामला यहीं तक सीमित नहीं है। शिकायतकर्ता ने एसआई रंधीर कुमार सिंह पर बेंगाबाद प्रखंड कार्यालय के सामने स्थित सरकारी गैरमजरूआ जमीन पर कथित रूप से अवैध कब्जा कर मकान बनाने का भी आरोप लगाया था।शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई ने पुलिस विभाग में जवाबदेही और अवैध बालू के कारोबार पर पुलिस की भूमिका को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

error: Content is protected !!