सिमडेगा में नाबालिग के अपहरण और निकाह कराने के आरोप में मां-बेटे समेत तीन गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट में भी केस दर्ज

सिमडेगा। नाबालिग के अपहरण और उसका निकाह कराने के आरोप में सिमडेगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन प्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में फिरोज खान उर्फ कोटन खान, उसका बड़ा भाई नौशाद खान उर्फ नीरा खान और उनकी मां सायरा खातून शामिल हैं। तीनों गुमला जिले के गोसनगर के निवासी हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को मंगलवार (13 अक्टूबर) को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

शादी का प्रस्ताव ठुकराने के बाद धमकी देने का आरोप
सिमडेगा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मामले की शुरुआत नाबालिग के विवाह का प्रस्ताव रखे जाने से हुई। आरोप है कि प्राथमिकी अभियुक्त फिरोज खान उर्फ कोटन खान की मां सायरा खातून ने नाबालिग के परिजनों के सामने विवाह का प्रस्ताव रखा था। नाबालिग की कम उम्र को देखते हुए परिजनों ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। इसके बाद फिरोज के बड़े भाई नौशाद खान उर्फ नीरा खान और मां सायरा खातून पर फोन के माध्यम से परिजनों को धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

4 अक्टूबर को लापता हुई नाबालिग, फोन कर निकाह कराने की दी जानकारी

परिजनों के अनुसार, 4 अक्टूबर 2026 को नाबालिग अचानक लापता हो गई। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसी दौरान आरोप है कि फिरोज खान के बड़े भाई नौशाद खान उर्फ नीरा खान ने फोन कर बताया कि वह अपने भाई और मां के साथ नाबालिग को ले गया है तथा उसका निकाह कराने की बात कही।परिजनों ने नाबालिग को वापस लाने का आग्रह किया, लेकिन आरोप है कि उसे वापस नहीं लाया गया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की और मामले में कार्रवाई की मांग की।

11 अक्टूबर को दर्ज हुई प्राथमिकी, पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी लगाईं

लिखित शिकायत के आधार पर सिमडेगा थाना में 11 अक्टूबर 2026 को कांड संख्या 132/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 96, 137(2), 65(1), 351(2), 351(3) और 61(2) के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 4, 6 और 8 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों नामजद प्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फिरोज खान उर्फ कोटन खान, नौशाद खान उर्फ नीरा खान और सायरा खातून के रूप में हुई है। तीनों को 13 अक्टूबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध की सूचना देने की अपील

सिमडेगा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध से जुड़ी किसी भी घटना या सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।मानव तस्करी से संबंधित सूचना या शिकायत के लिए पुलिस ने टोल फ्री नंबर 1800-3456-256 जारी किया है। इसके अलावा जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष, सिमडेगा के नंबर 9262998531, 06525-299908 और 06525-299987 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

error: Content is protected !!