धनबाद में अपराधी का हाफ एनकाउंटर…हत्या के आरोपी शंकर डे के पैर में लगी गोली, दारोगा की पिस्टल छीनकर भागने लगा तो पुलिस ने चलाई गोली
धनबाद। धनबाद में हत्या के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, हत्या के आरोपी शंकर डे उर्फ पिंकू डे ने हथियार बरामदगी के दौरान एक सब-इंस्पेक्टर की पिस्टल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मुठभेड़ की जानकारी देते हुए ग्रामीण एसपी मो. याकूब ने बताया कि अगस्त महीने में गोंदूडीह ओपी क्षेत्र से राम प्रताप प्रसाद के लापता होने की शिकायत मिली थी। उनकी पत्नी ने शंकर नामक व्यक्ति पर संदेह जताया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच मंगलवार रात सूचना मिली कि संदिग्ध मैथन के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शंकर डे उर्फ पिंकू डे को पकड़ लिया।
लूट की रकम के विवाद में दोस्त की हत्या का आरोप
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शंकर डे ने राम प्रताप प्रसाद की हत्या की बात स्वीकार की। इसके बाद हत्या में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस उसे टुंडी के मनियाडीह इलाके में ले गई थी। इसी दौरान आरोपी ने दारोगा की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की और फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी।
जांच में सामने आया है कि जून महीने में गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में हुई लूट की एक वारदात को राम प्रताप प्रसाद और शंकर डे ने कथित तौर पर मिलकर अंजाम दिया था। लूट की रकम के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। पुलिस का आरोप है कि इसी विवाद में शंकर ने राम प्रताप को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
मनियाडीह से बरामद अज्ञात शव की भी हुई पहचान
पुलिस के मुताबिक, मनियाडीह इलाके से पहले एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। जांच के दौरान उसकी पहचान राम प्रताप प्रसाद के रूप में हुई। पुलिस का दावा है कि इस हत्या में शंकर डे की संलिप्तता सामने आई है।फिलहाल घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस उसके ठीक होने के बाद आगे की पूछताछ करने, हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करने और अन्य आपराधिक घटनाओं में उसकी संभावित संलिप्तता की जांच में जुटी है।

