गढ़वा:चुनाव कराकर स्ट्रांग रूम लौट रहे पोलिंग पार्टी पर ग्रामीणों किया हमला,पुलिस जवान की जमकर पिटाई और हथियार लूट लिया

गढ़वा।झारखण्ड में गढ़वा जिले में अंतिम चरण का चुनाव कराकर स्ट्रांग रूम लौट रहे पोलिंग पार्टी पर ग्रामीणों ने अचानक हमला कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस के जवान बैकेटेश शर्मा का हथियार लूट लिया। यही नहीं इसके बाद घेरकर उसकी जमकर पिटाई भी की। बाद में वहां अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया और जवान को ग्रामीणों से मुक्त कराते हुए हथियार को भी बरामद किया गया। पुलिस पोलिंग पार्टी पर हमला के आरोप में कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, मेराल प्रखंड के कमरमा गांव के सेक्टर 10 से चुनाव कराकर एक पोलिंग पार्टी के अधिकारी प्राइवेट गाड़ी से मतपेटी लेकर गढ़वा लौट रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों को उनपर संदेह हुआ और वे इसका विरोध करने लगे। देखते ही देखते ग्रामीण उग्र हो गए और मतपेटी की सुरक्षा का अथक प्रयास कर रहे पुलिस के जवान बेंकटेश शर्मा को घेर लिया। इस दौरान लोगों ने उनका हथियार भी छीन लिया और पिटाई भी की।ग्रामीणों ने उन्हें करीब एक घंटे तक बंधक बनाए रखा। इस दौरान जवान प्यास से परेशान रहा लेकिन ग्रामीण उसे पानी पीने से भी रोकते रहे।

वहीं इसकी जानकारी मिलते ही मेराल थाना प्रभारी लालबिहारी प्रसाद दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने जवान को ग्रामीणों से मुक्त कराया और उसके हथियार को बरामद किया। उन्होंने मारपीट करने के आरोपी कुछ युवकों को हिरासत में भी लिया है। इस घटना को एसपी ने गंभीरता से लिया है।उन्होंने इस संबंध में पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए हैं।