गोड्डा में मौत बनकर दौड़ा ट्रक, बोलेरो को मारी जोरदार टक्कर, एक की मौके पर मौत, चार गंभीर; कटर से काटकर निकाले गए घायल

 

गोड्डा।बोकारो में तिलक समारोह की खुशियां मनाकर सगुन लेकर घर लौट रहे लोगों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। गोड्डा में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। मोतिया ओपी क्षेत्र के डुमरिया के पास तेज रफ्तार ट्रक ने महिंद्रा बोलेरो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में अजय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, बोलेरो (BR 10 PB 5439) पर सवार सभी लोग बोकारो में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होकर बिहार के बांका लौट रहे थे। इसी दौरान डुमरिया के पास ट्रक और बोलेरो के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही बुरी तरह फंस गए। टक्कर के बाद ट्रक सड़क किनारे खेत की ओर उतर गया। वहीं, ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

बोलेरो में फंसी थीं जिंदगियां, कटर मशीन से काटकर निकाला गया

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मोतिया ओपी प्रभारी मुकेश राउत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बोलेरो की हालत इतनी खराब थी कि घायलों को बाहर निकालना मुश्किल हो रहा था। इसके बाद कटर मशीन मंगाई गई। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर बोलेरो को काटा और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला।

सभी घायलों को तत्काल गोड्डा सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया गया।

बांका, मुंगेर और धोरैया के रहने वाले हैं घायल

हादसे में घायल लोगों की पहचान अवधेश सिंह और चुन्ना कुमार सिंह के रूप में हुई है। दोनों बांका जिले के चतुर्भुज गांव के निवासी हैं। वहीं, रितिक सिंह मुंगेर जिले के औराबिछा गांव के रहने वाले हैं। बोलेरो चालक उमेश मंडल धोरैया थाना क्षेत्र के पैर गांव के निवासी बताए गए हैं।

ट्रक छोड़कर भागा चालक, पुलिस कर रही तलाश

मोतिया ओपी प्रभारी मुकेश राउत ने बताया कि ट्रक और बोलेरो की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। बोलेरो में फंसे लोगों को कटर मशीन की मदद से बाहर निकाला गया। घायलों को अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

जिस घर में तिलक समारोह की खुशियां मनाकर लोग लौट रहे थे, वहां अब एक सदस्य की मौत से मातम पसरा है। सगुन लेकर निकला परिवार रास्ते में ही जिंदगी और मौत के बीच जूझने लगा। इस हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में गहरे सदमे में बदल दिया।

error: Content is protected !!